छत्तीसगढ़ आएंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, रायपुर से बस्तर तक तैयारियां तेज

रायपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का 22 और 23 अक्टूबर 2026 को छत्तीसगढ़ दौरा प्रस्तावित है। राष्ट्रपति के रायपुर और जगदलपुर प्रवास को लेकर राज्य सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी सिलसिले में मंत्रालय महानदी भवन में मुख्य सचिव की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। बैठक में राष्ट्रपति के दौरे के दौरान सुरक्षा, प्रोटोकॉल, आवास, स्वास्थ्य और परिवहन समेत विभिन्न व्यवस्थाओं की तैयारियों की समीक्षा की गई।

राष्ट्रपति के पूरे प्रवास की व्यवस्थाओं के लिए संस्कृति विभाग को नोडल विभाग बनाया गया है। अधिकारियों को सभी तैयारियां निर्धारित प्रोटोकॉल और सुरक्षा मानकों के अनुरूप समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।

रायपुर में इन कार्यक्रमों में शामिल होने का प्रस्ताव

प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू रायपुर में लोकभवन और बूढ़ापारा स्थित बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल हो सकती हैं। इसके बाद उनके जगदलपुर जाने का प्रस्ताव है।

जगदलपुर में राष्ट्रपति लालबाग मैदान में आयोजित मुरिया दरबार और बस्तर दशहरा के अवसर पर होने वाले विशाल सार्वजनिक कार्यक्रम में शामिल हो सकती हैं।

रायपुर से बस्तर तक सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष फोकस

राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए रायपुर और बस्तर संभाग के कलेक्टरों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट रायपुर और मां दंतेश्वरी एयरपोर्ट जगदलपुर से कार्यक्रम स्थलों तक सुरक्षा व्यवस्था, कारकेड और सुगम आवागमन की जिम्मेदारी संबंधित जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को सौंपी गई है।

राष्ट्रपति और उनके साथ आने वाले अतिथियों के ठहरने की व्यवस्था तथा अन्य प्रोटोकॉल संबंधी तैयारियों को लेकर भी संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

चिकित्सा और तकनीकी व्यवस्थाएं भी रहेंगी तैयार

राष्ट्रपति के प्रवास के दौरान स्वास्थ्य विभाग की निर्धारित गाइडलाइन के अनुसार आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। कार्यक्रम स्थलों पर मंच, बैकड्रॉप, निर्बाध बिजली आपूर्ति और वैकल्पिक विद्युत व्यवस्था के साथ साउंड एवं लाइट सिस्टम की तैयारी भी की जा रही है।

ग्रीन रूम में कंप्यूटर, प्रिंटर और इंटरनेट जैसी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए हैं।

कई विभागों के अधिकारी बैठक में हुए शामिल

समीक्षा बैठक में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव अविनाश चम्पावत, संस्कृति एवं पर्यटन विभाग के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन, गृह एवं श्रम विभाग के सचिव हिमशिखर गुप्ता और संचालक जनसंपर्क आशीष टिकरिया सहित लोकभवन के वरिष्ठ अधिकारी जुड़े।

बैठक में रायपुर और बस्तर के कलेक्टर, पुलिस मुख्यालय के अधिकारी, दोनों जिलों के पुलिस अधीक्षक, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, लोक निर्माण विभाग, एयरफोर्स, बीएसएनएल और एयरपोर्ट अथॉरिटी के अधिकारियों ने भी हिस्सा लिया। राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए प्रशासनिक अमला तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुट गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *