नई दिल्ली। मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच हवाई सेवाएं भी प्रभावित होने लगी हैं। सऊदी अरब में सुरक्षा हालात को देखते हुए एयर इंडिया, इंडिगो और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने रियाद से जुड़ी कुछ उड़ानों को 10 अक्टूबर तक अस्थायी रूप से रद्द करने का फैसला किया है। उड़ानें प्रभावित होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
एयरलाइंस की ओर से प्रभावित यात्रियों को यात्रा की तारीख बदलने या टिकट रद्द कर पूरा रिफंड लेने का विकल्प दिए जाने की जानकारी सामने आई है। यात्रियों को बिना पुष्टि के एयरपोर्ट पहुंचने से बचने और घर से निकलने से पहले अपनी फ्लाइट का ताजा स्टेटस जांचने की सलाह दी गई है।
सुरक्षा कारणों से लिया गया फैसला
एयर इंडिया एक्सप्रेस के प्रवक्ता के अनुसार, क्षेत्र में तेजी से बदल रहे सुरक्षा हालात को देखते हुए रियाद से जुड़ी उड़ानें 10 अक्टूबर तक रद्द की गई हैं। प्रभावित यात्रियों को बिना अतिरिक्त शुल्क के दूसरी तारीख पर यात्रा करने का विकल्प दिया जा रहा है। टिकट रद्द करने की स्थिति में पात्र यात्रियों को पूरा रिफंड भी मिलेगा।
एयरलाइंस ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले संबंधित एयरलाइन की आधिकारिक जानकारी जरूर जांचें, क्योंकि सुरक्षा परिस्थितियों के आधार पर उड़ानों के संचालन में बदलाव किया जा सकता है।
सऊदी अरब में बढ़ी सुरक्षा चिंता
सऊदी अरब में सुरक्षा स्थिति को लेकर चिंता उस समय और बढ़ गई, जब ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों की ओर से देश के कुछ एयरपोर्ट, सैन्य ठिकानों और तेल प्रतिष्ठानों को निशाना बनाने का दावा किया गया।
इसके बाद अंतरराष्ट्रीय एयरलाइंस को सऊदी एयरस्पेस में उड़ान संचालन को लेकर चेतावनी दिए जाने की खबर सामने आई। रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट ने भी यात्रियों को सतर्क रहने और एयरपोर्ट पहुंचने से पहले अपनी एयरलाइन से उड़ान की स्थिति की पुष्टि करने की सलाह दी है।
भारत ने हमलों की निंदा की
सऊदी अरब में हुए हमलों को लेकर भारत ने भी कड़ी प्रतिक्रिया दी है। विदेश मंत्रालय ने आभा इंटरनेशनल एयरपोर्ट और रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट को निशाना बनाए जाने की निंदा की है।
भारत ने नागरिकों और नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाने को अस्वीकार्य बताया। साथ ही हमलों में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
मिडिल ईस्ट में लगातार बदलते हालात के बीच भारतीय एयरलाइंस स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। ऐसे में रियाद जाने या वहां से भारत लौटने वाले यात्रियों को सलाह दी गई है कि एयरपोर्ट रवाना होने से पहले अपनी फ्लाइट का ताजा स्टेटस जरूर चेक करें।