दुर्ग/ब्यूरो दुर्ग। शहर की प्रतिष्ठित एवं प्राचीन ‘श्री गंजपारा दुर्गा उत्सव समिति’ द्वारा प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी शारदीय नवरात्र पर्व बेहद गरिमामय और धूमधाम से मनाया जा रहा है। इस वर्ष समिति अपनी स्थापना का 59वां गौरवशाली वर्ष मना रही है।
आयोजन के तहत 11 अक्टूबर, दिन रविवार को सुबह 10:00 बजे वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मां जगदम्बा की भव्य प्रतिमा की स्थापना की जाएगी। पूरे उत्सव के दौरान आकर्षक लाइटों की साज-सज्जा और मनोरम झांकियां यहां आने वाले श्रद्धालुओं के लिए मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
निशुल्क सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मचेगी धूम
समिति द्वारा इस वर्ष भी आम जनता और श्रद्धालुओं के लिए कई बड़े और भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं, जो पूरी तरह से निशुल्क रहेंगे।
कार्यक्रमों की श्रृंखला
- 14 अक्टूबर (बुधवार, रात्रि 8:30 बजे): लोक कला मंच के माध्यम से छत्तीसगढ़ की सुप्रसिद्ध लोक गायिका स्वर्णा दिवाकर और गरिमा दिवाकर बहनों द्वारा शानदार छत्तीसगढ़ी सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुति दी जाएगी।
- 16 अक्टूबर (शुक्रवार, रात्रि 8:30 बजे): छत्तीसगढ़ी फिल्मों के सुपरस्टार विवेक शर्मा की ‘स्टार नाइट’ का आयोजन होगा, जिसमें वे अपने गीतों और अभिनय से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे।
17 अक्टूबर को सजेगा ‘अखिल भारतीय कवि सम्मेलन’
समिति अपनी वर्षों पुरानी परंपरा का निर्वहन करते हुए इस वर्ष भी गंज मंडी के पावन प्रांगण में राष्ट्रीय स्तर के ‘अखिल भारतीय कवि सम्मेलन’ का आयोजन कर रही है। 17 अक्टूबर, शनिवार को रात्रि 8:30 बजे से शुरू होने वाले इस कवि सम्मेलन में देश के कोने-कोने से आमंत्रित दिग्गज कवि अपनी कविताओं का पाठ करेंगे, जिनमें मुख्य रूप से शामिल हैं: - सुदीप भोला (पैरोडी – दिल्ली)
- अखिलेश द्विवेदी (हास्य – प्रयागराज)
- चंदन राय (गीतकार – मुंबई)
- एकाग्र शर्मा (हास्य – इंदौर)
- हिमांशु बवंडर (हास्य – उज्जैन)
- अल्पना आनंद (गीत – नालंदा)
- मयंक शर्मा (ओज एवं मंच संचालक – दुर्ग)।



जनप्रतिनिधि और अधिकारी होंगे शामिल
इन सभी गरिमामयी आयोजनों में जिले के समस्त वरिष्ठ जनप्रतिनिधि, कैबिनेट मंत्री, सांसद, विधायक, महापौर, पार्षद सहित प्रशासनिक और पुलिस विभाग के आला अधिकारी बतौर अतिथि अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे।
महाप्रसादी भंडारा और भव्य विसर्जन यात्रा
शारदीय नवरात्र के समापन पर समिति द्वारा विशाल महाप्रसादी भंडारे का आयोजन किया गया है, जो 20 अक्टूबर, दिन मंगलवार को दोपहर 12:15 बजे से प्रारंभ होगा। इसके पश्चात अगले दिन 21 अक्टूबर, बुधवार को सुबह 10:00 बजे मां जगदम्बा की भव्य प्रतिमा की विसर्जन शोभायात्रा निकाली जाएगी। यह विसर्जन यात्रा गंजपारा के विभिन्न मार्गों का भ्रमण करते हुए शिवनाथ नदी तट पर जाकर संपन्न होगी।