टेक्नोलॉजी डेस्क : Apple के अपकमिंग iPhone 18 को लेकर टेक जगत में चर्चाएं तेज हो गई हैं। कंपनी इस बार अपने स्टैंडर्ड आईफोन मॉडल में भी कई बड़े बदलाव कर सकती है। अब तक 120Hz डिस्प्ले जैसे फीचर्स प्रो मॉडल तक सीमित रहे हैं, लेकिन नई रिपोर्ट्स के मुताबिक iPhone 18 में भी यह सुविधा मिल सकती है। इसके अलावा फोन में नई जनरेशन का A20 चिपसेट, बेहतर कैमरा और ज्यादा RAM मिलने की संभावना जताई जा रही है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, Apple अपनी लॉन्च रणनीति में बदलाव करते हुए स्टैंडर्ड iPhone 18 को 2027 की पहली छमाही में पेश कर सकती है। इससे पहले सितंबर 2026 में कंपनी iPhone 18 Pro सीरीज और iPhone Duo लॉन्च कर चुकी है। हालांकि, स्टैंडर्ड मॉडल के फीचर्स और लॉन्च टाइमलाइन को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
6.3 इंच की OLED स्क्रीन के साथ मिलेगा 120Hz रिफ्रेश रेट?
टिप्स्टर Digital Chat Station की रिपोर्ट के मुताबिक, iPhone 18 में 6.3 इंच की OLED डिस्प्ले दी जा सकती है। इसमें 1.5K रेजोल्यूशन और 120Hz रिफ्रेश रेट का सपोर्ट मिलने की उम्मीद है। अगर ऐसा होता है तो सामान्य iPhone मॉडल इस्तेमाल करने वालों को भी पहले से ज्यादा स्मूद स्क्रॉलिंग और बेहतर विजुअल एक्सपीरियंस मिल सकता है।
डिजाइन की बात करें तो फोन में Dynamic Island और Face ID जैसे फीचर्स बरकरार रहने की संभावना है।
A20 चिपसेट से बढ़ेगी फोन की ताकत
परफॉर्मेंस के मामले में भी iPhone 18 बड़ा बदलाव लेकर आ सकता है। इसमें अगली पीढ़ी का A20 चिपसेट मिलने की चर्चा है, जिसे 2nm प्रोसेस टेक्नोलॉजी पर तैयार किया जा सकता है।
नई चिप के चलते फोन की प्रोसेसिंग स्पीड और पावर एफिशिएंसी बेहतर होने की उम्मीद है। इससे मल्टीटास्किंग, गेमिंग और AI आधारित फीचर्स का इस्तेमाल पहले से ज्यादा आसान हो सकता है।
48MP के दो रियर कैमरे, फ्रंट में भी बड़ा बदलाव
फोटोग्राफी के शौकीनों के लिए भी iPhone 18 में अच्छी खबर हो सकती है। लीक रिपोर्ट्स के मुताबिक, फोन के पिछले हिस्से में डुअल कैमरा सेटअप मिलेगा, जिसमें दोनों सेंसर 48 मेगापिक्सल के हो सकते हैं।
वहीं, सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए इसमें 24 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा दिए जाने की चर्चा है। हालांकि, कैमरा सेंसर और उनकी क्षमताओं को लेकर अभी कंपनी ने कोई जानकारी साझा नहीं की है।
AI फीचर्स के लिए मिलेगी ज्यादा RAM?
iPhone 18 में RAM को लेकर भी अलग-अलग दावे सामने आए हैं। Apple एनालिस्ट Ming-Chi Kuo के मुताबिक, फोन में 9GB RAM मिल सकती है, जबकि एनालिस्ट Jeff Pu ने 12GB RAM मिलने की संभावना जताई है।
अधिक RAM मिलने से Apple Intelligence के ऑन-डिवाइस फीचर्स को बेहतर तरीके से चलाने में मदद मिल सकती है। इससे फोन में AI आधारित कामकाज पहले से अधिक प्रभावी होने की उम्मीद है।
क्या एक लाख रुपये से ज्यादा होगी iPhone 18 की कीमत?
फीचर्स में संभावित अपग्रेड के साथ iPhone 18 की कीमत भी चर्चा का विषय बनी हुई है। Digital Chat Station की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि नए मॉडल की कीमत बढ़ सकती है। हालांकि, अभी इसकी सटीक कीमत सामने नहीं आई है।
कुछ अनुमानों के मुताबिक, भारतीय बाजार में इसकी कीमत एक लाख रुपये से अधिक हो सकती है। ऐसे में अगर 120Hz डिस्प्ले, A20 चिपसेट और बेहतर कैमरा जैसे फीचर्स स्टैंडर्ड मॉडल में मिलते हैं, तो यह फोन प्रीमियम सेगमेंट में और महंगा हो सकता है।
फिलहाल iPhone 18 के फीचर्स, कीमत और लॉन्च टाइमलाइन से जुड़ी सभी जानकारियां लीक और शुरुआती रिपोर्ट्स पर आधारित हैं। Apple की आधिकारिक घोषणा के बाद ही इनकी वास्तविक तस्वीर साफ होगी।