बलरामपुर | बलरामपुर ब्लॉक के जरहाडीह आदिवासी छात्रावास में रविवार देर शाम दर्दनाक हादसे में चौथी कक्षा के छात्र अभय कच्छप की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार छात्रावास परिसर में झाड़ी काटने का कार्य चल रहा था, इसी दौरान पास ही खेल रहा छात्र अभय गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके पैर की नस कट गई, जिससे अधिक रक्तस्राव हुआ।
छात्रावास अधीक्षक तुरंत उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां हालत नाजुक देख डॉक्टरों ने अंबिकापुर रेफर कर दिया। लेकिन रास्ते में ही छात्र ने दम तोड़ दिया।
चौंकाने वाली बात यह रही कि अधीक्षक छात्र का शव लेकर बगैर पोस्टमार्टम सीधे बलरामपुर लौट आया। बाद में जिला अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम किया जा रहा है।
बलरामपुर कोतवाली पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। छात्र की मौत से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है और छात्रावास प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।
एक मासूम की मौत ने प्रशासन और छात्रावास प्रबंधन की जिम्मेदारी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।