नई दिल्ली। दिवाली से पहले केंद्र सरकार 1.2 करोड़ कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए बड़ी राहत देने की तैयारी में है। सूत्रों के मुताबिक, सरकार महंगाई भत्ता (DA) और महंगाई राहत (DR) में 3% की बढ़ोतरी कर सकती है। यह बढ़ोतरी जुलाई 2025 से प्रभावी मानी जाएगी और अक्टूबर की सैलरी या पेंशन में पिछली तीन महीनों का एरियर भी शामिल होगा।
फिलहाल DA 55% है, जो बढ़कर 58% हो जाएगा। उदाहरण के लिए, अगर किसी कर्मचारी की बेसिक सैलरी ₹18,000 है, तो उसे अब ₹540 अधिक DA मिलेगा, यानी कुल ₹10,440। पेंशनर्स को भी इस बढ़ोतरी से ₹600 तक अतिरिक्त लाभ होगा।
सरकार हर साल दो बार DA संशोधित करती है – एक बार होली से पहले (जनवरी-जून) और दूसरी बार दिवाली से पहले (जुलाई-दिसंबर)। इस साल भी अक्टूबर के पहले सप्ताह में घोषणा की संभावना है, जैसा कि पिछले साल 16 अक्टूबर को किया गया था।
यह बढ़ोतरी विशेष महत्व की है क्योंकि 7वें वेतन आयोग (7th CPC) के तहत यह अंतिम DA संशोधन होगा। आयोग का कार्यकाल 31 दिसंबर 2025 को समाप्त हो रहा है। उधर, 8वें वेतन आयोग (8th CPC) की घोषणा जनवरी 2025 में हो चुकी है, लेकिन नया वेतन ढांचा लागू होने में अभी समय लगेगा। अनुमान है कि नया वेतन ढांचा 2027 के अंत या 2028 की शुरुआत में लागू हो सकता है।