टीएस सिंहदेव का खुलासा: अंबिकापुर में 10,662 संदिग्ध वोटर, 388 मकानों पर भारी गड़बड़ी

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ की कांग्रेस प्रदेश में वोटों की पड़ताल में सक्रिय हो गई है। अंबिकापुर में पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने कांग्रेस भवन में आयोजित मीटिंग में वोटिंग गड़बड़ी पर महत्वपूर्ण खुलासे किए।

उन्होंने बताया कि अंबिकापुर शहर विधानसभा में 10,662 संदिग्ध मतदाता हैं। शहर के 111 मतदान केंद्रों पर 388 ऐसे मकान हैं, जहां 20 या उससे अधिक मतदाताओं के नाम पंजीकृत हैं। कुछ मकानों में 150 से ज्यादा मतदाता एक ही घर में दर्ज हैं। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि अकेले अंबिकापुर में 630 से अधिक डुप्लीकेट वोटर मौजूद हैं।

जिला कांग्रेस कमेटी सरगुजा ने नए जोन अध्यक्ष, सेक्टर प्रभारी और बीएलए को ब्लॉक-वार संवाद और ट्रेनिंग देने का कार्यक्रम शुरू किया है। इस बैठक में अंबिकापुर शहर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के प्रतिनिधि और बीएलए शामिल हुए।

टीएस सिंहदेव ने कहा कि हाल के चुनावों में मतदाता सूची में गड़बड़ी का पता चला है और पार्टी नेतृत्व इसे गंभीरता से देख रहा है। उन्होंने चुनाव आयोग पर भी निशाना साधते हुए कहा कि आयोग का काम निष्पक्ष होना चाहिए, लेकिन हाल की घटनाओं से ऐसा नहीं लग रहा।

सिंहदेव ने अपने 50 साल के राजनीतिक अनुभव का हवाला देते हुए कहा कि इतने बड़े पैमाने पर मतदाता सूची में गड़बड़ियां उन्होंने पहले कभी नहीं देखी। उन्होंने बीएलए को सतर्क रहने और जिम्मेदारी से काम करने की सलाह दी।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने बीएलए और पार्टी प्रतिनिधियों से कहा कि मतदाता सूची में विसंगतियों की जांच कर रिपोर्ट जल्द तैयार की जाए और प्रशासन एवं जनता के सामने पेश की जाए।

इस बैठक में पूर्व उपाध्यक्ष अजय अग्रवाल, शहर और ग्रामीण ब्लॉक अध्यक्ष हेमंत सिन्हा और विनय शर्मा, साथ ही अन्य सेक्टर प्रभारी और बीएलए उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *