दुर्ग| ऑपरेशन विश्वास के तहत दुर्ग पुलिस को फिर बड़ी सफलता हासिल हुई है। रविवार को चिट्टा बेचने वाले गिरोह के 4 सदस्यों को नशे का सामान के साथ पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मोहन नगर पुलिस और एसीसीयू टीम ने चिट्टा के तस्करों की सप्लाई चेन को ध्वस्त कर दिया है। इन आरोपियों के तार पंजाब से जुड़े हुए बताए जा रहे हैं।
पुलिस अब तक इस गिरोह के 19 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। मोहन नगर थाना पुलिस ने बताया कि इस मामले में गिरफ्तार सभी आरोपी एक दूसरे के सम्पर्क में रहकर नशा करने के लिए अवैध रूप से चिट्टा हेरोईन लाकर खरीदी बिक्री करते थे।
वाट्सअप कॉल के माध्यम से सम्पर्क कर आपस में नशे की लेन देन की रकम सुविधानुसार कैश व ऑनलाईन के माध्यम से अदान प्रदान कर रहे थे. यह अवैध कारोबार पंजाब से लेकर दुर्ग भिलाई तक फैला था।जिनकी पतासाजी कर दुर्ग पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है।
इस मामले में रविवार को 4 आरोपियों को भिलाई क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया है। मामले में गिरफ्तार आरोपियों से 3 मोबाईल फोन जब्त किया गया है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।