अफगानिस्तान ने आयरलैंड को 42 रन से हराकर वनडे सीरीज पर जमाया कब्जा

नई दिल्ली। अफगानिस्तान ने शानदार बल्लेबाजी और दमदार गेंदबाजी के दम पर आयरलैंड को चौथे वनडे मुकाबले में 42 रन से हरा दिया। इस जीत के साथ अफगानिस्तान ने पांच मैचों की वनडे सीरीज पर कब्जा कर लिया है। सीरीज का पहला मुकाबला बारिश के कारण रद्द हो गया था, जिसके बाद अफगान टीम ने लगातार तीन मैच जीतकर सीरीज अपने नाम कर ली। दोनों टीमों के बीच आखिरी वनडे मुकाबला 14 अगस्त को खेला जाएगा।

अफगानिस्तान ने बनाया अपना सबसे बड़ा वनडे स्कोर

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी अफगानिस्तान की टीम ने निर्धारित 50 ओवर में 9 विकेट खोकर 343 रन बनाए। यह वनडे क्रिकेट में अफगानिस्तान का अब तक का सबसे बड़ा टीम स्कोर है। इससे पहले टीम ने 2024 में श्रीलंका के खिलाफ 339 रन बनाए थे।

अफगानिस्तान की शुरुआत अच्छी नहीं रही और दूसरे ही ओवर में रहमानुल्लाह गुरबाज 12 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद इब्राहिम जादरान और सेदीकुल्लाह अटल ने पारी को संभाला और शानदार शतक जड़ दिए।

जादरान-अटल ने की रिकॉर्ड साझेदारी

इब्राहिम जादरान ने 118 गेंदों पर 107 रन की शानदार पारी खेली। उनके बल्ले से 11 चौके और एक छक्का निकला। वहीं सेदीकुल्लाह अटल ने सिर्फ 120 गेंदों पर 143 रन बनाए, जिसमें 17 चौके और 4 छक्के शामिल रहे।

दोनों बल्लेबाजों के बीच दूसरे विकेट के लिए 231 रन की शानदार साझेदारी हुई। यह अफगानिस्तान की ओर से वनडे में तीसरी सबसे बड़ी साझेदारी है। दोनों ने एक ही वनडे पारी में शतक लगाने वाली अफगानिस्तान की चौथी जोड़ी बनने का गौरव भी हासिल किया।

अफगानिस्तान की पारी में दरविश रसूली ने 24, अजमतुल्लाह ओमरजई ने 15 और राशिद खान ने 11 रन का योगदान दिया।

आयरलैंड की टीम 301 रन पर हुई ऑलआउट

344 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी आयरलैंड की टीम ने मुकाबले में संघर्ष किया, लेकिन पूरी टीम 48 ओवर में 301 रन पर सिमट गई।

ओपनर एंड्रयू बालबर्नी ने शानदार शतक लगाया। उन्होंने 119 गेंदों पर 109 रन बनाए। वहीं कप्तान पॉल स्टर्लिंग 27 रन बनाकर आउट हुए।

कर्टिस कैम्फर ने 46 गेंदों पर 84 रन की तूफानी पारी खेलकर आयरलैंड की जीत की उम्मीद जगाई, लेकिन उनके आउट होते ही टीम का निचला क्रम ज्यादा देर टिक नहीं सका।

राशिद खान समेत गेंदबाजों ने बरपाया कहर

अफगानिस्तान की ओर से यामीन अहमदजई ने 4 विकेट चटकाकर आयरलैंड की पारी को झकझोर दिया। स्टार स्पिनर राशिद खान ने 3 विकेट अपने नाम किए, जबकि अजमतुल्लाह ओमरजई को 2 सफलता मिली।

इस तरह अफगानिस्तान ने 42 रन से मुकाबला जीतकर सीरीज में अपनी बढ़त मजबूत की और लगातार तीसरी जीत के साथ वनडे सीरीज अपने नाम कर ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *