MP में हवाई कनेक्टिविटी को मिलेगा बड़ा विस्तार, 5 एयरस्ट्रिप्स बनेंगी पूर्ण विकसित एयरपोर्ट

भोपाल। मध्यप्रदेश में विमानन सेवाओं और हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में केंद्र सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। राज्य में प्रस्तावित 10 नई एयरस्ट्रिप्स में से पहले चरण में 5 एयरस्ट्रिप्स को पूर्ण विकसित एयरपोर्ट में तब्दील करने की मंजूरी दी गई है। इनमें राजधानी भोपाल से सबसे दूर नगर निगम क्षेत्र सिंगरौली में सबसे पहले एयरपोर्ट विकसित किया जाएगा।

केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजारापु राममोहन नायडू ने रविवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ हुई विमानन विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में इसकी घोषणा की।

10 एयरस्ट्रिप्स को एयरपोर्ट बनाने की तैयारी

बैठक में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार मध्यप्रदेश की सभी 10 प्रस्तावित एयरस्ट्रिप्स को एयरपोर्ट के रूप में विकसित करने में हरसंभव सहयोग करेगी।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया कि मध्यप्रदेश में फिलहाल 8 सक्रिय एयरपोर्ट हैं। वहीं उज्जैन और शिवपुरी में नए एयरपोर्ट का निर्माण तेजी से आगे बढ़ रहा है।

राज्य सरकार ने सिंगरौली, सागर, नीमच, छिंदवाड़ा, मंडला, खंडवा, रतलाम, मंदसौर, उमरिया और शहडोल की एयरस्ट्रिप्स को एयरपोर्ट के रूप में अपग्रेड करने का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा था।

केंद्रीय मंत्री ने बताया कि उड़ान योजना की अवधि बढ़ाकर 2036 तक कर दी गई है। इसके तहत देशभर में 100 नए एयरपोर्ट विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है।

सिंहस्थ-2028 को देखते हुए उज्जैन एयरपोर्ट पर जोर

बैठक में उज्जैन और शिवपुरी में निर्माणाधीन एयरपोर्ट परियोजनाओं की भी समीक्षा की गई। केंद्रीय मंत्री ने एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया और राज्य के विमानन विभाग को दोनों परियोजनाओं में तेजी लाने के निर्देश दिए।

सिंहस्थ-2028 को देखते हुए उज्जैन एयरपोर्ट को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है। अधिकारियों को सभी आवश्यक पर्यावरणीय स्वीकृतियां 10 अक्टूबर 2026 तक प्राप्त करने के निर्देश दिए गए हैं। उद्देश्य है कि सिंहस्थ के दौरान देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर और सीधी हवाई कनेक्टिविटी मिल सके।

शिवपुरी में बनेगा ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट

शिवपुरी में प्रस्तावित ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के लिए जल्द उपयुक्त नई साइट तय करने के निर्देश भी दिए गए हैं। सरकार का लक्ष्य राज्य के अलग-अलग क्षेत्रों में हवाई संपर्क को बढ़ाकर यात्रियों के लिए सफर को आसान बनाना है।

एयर एम्बुलेंस से 170 से ज्यादा मरीजों को मिली मदद

मध्यप्रदेश में पिछले छह महीनों में 50 हजार से अधिक यात्रियों ने हवाई सफर किया है। इसके अलावा राज्य में पीएम श्री वायु पर्यटन, हेली पर्यटन और एयर एम्बुलेंस जैसी सेवाएं भी संचालित हो रही हैं।

एयर एम्बुलेंस सेवा के जरिए अब तक 170 से अधिक गंभीर मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाया गया है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, इनमें करीब 99 प्रतिशत मरीजों की जान बचाने में सफलता मिली है।

जरूरतमंद आयुष्मान कार्ड धारकों के लिए यह जीवनरक्षक एयर एम्बुलेंस सेवा पूरी तरह नि:शुल्क उपलब्ध कराई जा रही है।

सरकार के इस फैसले से मध्यप्रदेश के दूरस्थ और औद्योगिक क्षेत्रों में हवाई कनेक्टिविटी बढ़ने की उम्मीद है। खासकर सिंगरौली, सागर, नीमच, छिंदवाड़ा, मंडला, खंडवा, रतलाम, मंदसौर, उमरिया और शहडोल जैसे क्षेत्रों को भविष्य में बेहतर हवाई सेवाओं का लाभ मिल सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *