Air India के पायलट और 7 क्रू मेंबर सस्पेंड, 3 महीने तक ड्यूटी से रहेंगे बाहर

नई दिल्लीएअर इंडिया एक्सप्रेस ने आठ क्रू मेंबर को तीन महीने के लिए सस्पेंड कर दिया है। इनमें चार पायलट और चार केबिन क्रू मेंबर शामिल हैं। कार्रवाई पोस्ट-फ्लाइट ब्रीथ एनालाइजर टेस्ट तय समय सीमा के भीतर नहीं कराने को लेकर की गई है। मामला 2 अगस्त 2026 का बताया जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक, एअर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट AX-192 दुबई से उड़ान भरकर सुबह करीब 9:50 बजे अमृतसर के श्री गुरु राम दास जी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंची थी। डीजीसीए के नियमों के अनुसार, इंटरनेशनल फ्लाइट संचालित करने वाले भारतीय एयरलाइंस के क्रू मेंबर को भारत में लैंडिंग के दो घंटे के भीतर पोस्ट-फ्लाइट अल्कोहल टेस्ट कराना जरूरी होता है।

तय समय से 35 मिनट की देरी

फ्लाइट के आठ क्रू मेंबर ब्रीथ एनालाइजर टेस्ट के लिए लैंडिंग के करीब 2 घंटे 35 मिनट बाद पहुंचे। यानी निर्धारित समय सीमा से करीब 35 मिनट की देरी हुई। एयरलाइन के नियमों के तहत सभी क्रू मेंबर का टेस्ट कराया गया और सभी की रिपोर्ट नेगेटिव आई।

हालांकि, निर्धारित समय सीमा का पालन नहीं होने के कारण एयरलाइन ने कार्रवाई की।

एक क्रू मेंबर की तबीयत खराब होने की बात

सूत्रों के मुताबिक, फ्लाइट के अमृतसर पहुंचने के बाद एक क्रू मेंबर की तबीयत खराब हो गई थी। इसके बाद क्रू ने जरूरी पोस्ट-अराइवल औपचारिकताएं पूरी कीं और होटल चला गया। बाद में ब्रीथ एनालाइजर टेस्ट कराने के लिए सभी एयरपोर्ट लौटे, लेकिन तब तक लैंडिंग के दो घंटे 35 मिनट बीत चुके थे।

डीजीसीए को दी गई जानकारी

मामले की जानकारी एअर इंडिया एक्सप्रेस की ओर से डीजीसीए को भी दी गई। सूत्रों के अनुसार, नियमों के तहत सभी आठ क्रू मेंबर को ड्यूटी से हटा दिया गया और तीन महीने के लिए सस्पेंड किया गया है। इनमें चार पायलट और चार केबिन क्रू मेंबर शामिल हैं।

फिलहाल एयरलाइन की ओर से इन क्रू मेंबर की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *