दिल्ली-अमृतसर उड़ान के दौरान एयर इंडिया विमान पाकिस्तानी एयरस्पेस में पहुंचा, पाकिस्तान ने जारी की चेतावनी

अमृतसर। एअर इंडिया की एक घरेलू उड़ान सोमवार रात तकनीकी गड़बड़ी के कारण अपने निर्धारित मार्ग से भटक गई, जिसके चलते विमान कुछ समय के लिए अंतरराष्ट्रीय हवाई क्षेत्र के निकट पहुंच गया। स्थिति का पता चलते ही एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) और पायलट ने तत्काल कार्रवाई करते हुए विमान को सुरक्षित भारतीय हवाई क्षेत्र में वापस ले आया। घटना की जांच शुरू कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार, दिल्ली से अमृतसर जाने वाली एअर इंडिया की फ्लाइट सोमवार रात करीब 9:18 बजे रवाना हुई थी। उड़ान के दौरान विमान के नेविगेशन सिस्टम में तकनीकी समस्या आने की आशंका जताई जा रही है, जिसके कारण विमान अपने निर्धारित मार्ग से विचलित हो गया। संबंधित एयर ट्रैफिक एजेंसियों द्वारा सतर्क किए जाने के बाद पायलट ने तुरंत विमान की दिशा बदली और उसे सुरक्षित भारतीय हवाई क्षेत्र में वापस ले आया।

अमृतसर में ट्रैफिक बढ़ने से नहीं मिली लैंडिंग की अनुमति

विमान जब अमृतसर लौट रहा था, तब तक एयरपोर्ट पर हवाई यातायात बढ़ चुका था। सुरक्षा कारणों से एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने उसे तत्काल लैंडिंग की अनुमति नहीं दी और विमान को वापस दिल्ली भेज दिया गया। दिल्ली में विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई गई, जहां तकनीकी जांच और आवश्यक अनुमति मिलने के बाद उसे दोबारा अमृतसर के लिए रवाना किया गया।

इसके बाद विमान करीब चार घंटे की देरी से मंगलवार तड़के लगभग 2:20 बजे अमृतसर एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतर गया। विमान में सवार सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित बताए गए हैं।

विस्तृत जांच के आदेश

एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में तकनीकी खराबी की संभावना सामने आई है। घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। विमानन सुरक्षा से जुड़े सभी पहलुओं की समीक्षा की जा रही है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

पहले भी सामने आ चुका है ऐसा मामला

गौरतलब है कि 12 जून को खराब मौसम के कारण पाकिस्तान की एक यात्री उड़ान भी निर्धारित मार्ग से भटककर कुछ समय के लिए भारतीय हवाई क्षेत्र के निकट पहुंच गई थी। हालांकि, स्थिति का समय रहते पता चलने पर विमान को सुरक्षित वापस उसके निर्धारित मार्ग पर ले जाया गया था।

इस ताजा घटना ने एक बार फिर विमानन सुरक्षा और नेविगेशन सिस्टम की विश्वसनीयता को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि राहत की बात यह रही कि पायलट और एयर ट्रैफिक कंट्रोल की सतर्कता से किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति टल गई और सभी यात्री सुरक्षित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *