मुंबई। अभिनेत्री आकांक्षा चमोला ने अपनी निजी जिंदगी को लेकर बड़ा खुलासा करते हुए कहा है कि वह अब दोबारा शादी नहीं करेंगी और आगे का जीवन अकेले बिताना चाहती हैं। यह बयान उन्होंने नेटफ्लिक्स के रियलिटी शो ‘लॉक अप: सच या सजा’ के हालिया एपिसोड में दिया।
शो के दौरान आकांक्षा अपनी करीबी दोस्त पामेला सेरेना से दिल की बातें करती नजर आईं। बातचीत में उन्होंने बताया कि जब उनकी शादी अभिनेता गौरव खन्ना से हुई थी, तब उनकी उम्र महज 24 वर्ष थी। इस पर पामेला ने कहा कि वह अभी भी युवा हैं और भविष्य में उन्हें कोई अच्छा जीवनसाथी मिल सकता है।
इस पर आकांक्षा ने साफ शब्दों में कहा, “मैं दोबारा शादी नहीं करना चाहती। मेरा मन अब शादी से भर गया है। जिंदगी में पहली बार मैं अकेले रहूंगी। न मैं अपने माता-पिता के घर रहूंगी और न ही पति के घर। मेरा अपना घर होगा और मैं अपनी आगे की जिंदगी अकेले ही बिताऊंगी।”
आकांक्षा हाल के दिनों में अभिनेता गौरव खन्ना से तलाक और अपनी निजी जिंदगी को लेकर सुर्खियों में रही हैं। पिछले सप्ताह शो के ‘जजमेंट डे’ एपिसोड में उन्होंने यह भी खुलासा किया था कि वह बायसेक्शुअल हैं। उन्होंने बताया कि शादी से पहले उनके कुछ महिलाओं के साथ भी रिश्ते रहे हैं।
आकांक्षा ने कहा कि उन्हें महिलाओं के साथ अधिक सहज महसूस होता है और उनकी संगति में वह खुद को बेहतर महसूस करती हैं। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि उनके सभी रिश्ते बेहद अंतरंग नहीं थे, लेकिन वह कुछ महिलाओं के साथ रिलेशनशिप में रह चुकी हैं।
फिलहाल ‘लॉक अप: सच या सजा’ के दूसरे सीजन में आकांक्षा चमोला के अलावा योगेश रावत, सुनीता आहूजा, राम कपूर, श्रेया कालरा, शिवांगी जोशी, हर्षद चोपड़ा, सूफी मोतीवाला, धीरज धूपर, माधुरी जैन ग्रोवर, रियाज अली और वरुण यादव उर्फ ‘लैला’ समेत कई चर्चित चेहरे नजर आ रहे हैं।
गौरतलब है कि ‘लॉक अप’ का पहला सीजन वर्ष 2022 में प्रसारित हुआ था, जिसे कंगना रनौत ने होस्ट किया था। उस सीजन में करण कुंद्रा जेलर की भूमिका में दिखाई दिए थे, जबकि स्टैंडअप कॉमेडियन मुनव्वर फारूकी विजेता बने थे। दूसरे सीजन में 14 प्रतियोगी छह सप्ताह तक विभिन्न टास्क पूरे कर इन-गेम करेंसी अर्जित करते हुए खेल में बने रहने की चुनौती का सामना कर रहे हैं।