सर्व ब्राह्मण मित्र सखी ने उत्साह के साथ मनाया नववर्ष मिलन समारोह

दुर्ग/राजनांदगांव |  समाज में एकता और संस्कारों को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से ‘सर्व ब्राह्मण मित्र सखी’ द्वारा नववर्ष 2026 का भव्य मिलन समारोह मंगट्टा स्थित लिलीपुट रिसोर्ट में हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस आयोजन में संगठन की लगभग 50 सखियों ने शिरकत की, जिससे पूरा वातावरण सौहार्द और उत्साह से भर गया।

भक्ति और संकल्प के साथ शुरुआत

कार्यक्रम का शुभारंभ सखियों द्वारा पहाड़ी माता मंदिर एवं काली माता मंदिर में विधि-विधान से पूजन-दर्शन के साथ किया गया। माता रानी का आशीर्वाद लेने के पश्चात विप्र नारी शक्ति ने नववर्ष के लिए अपनी कार्ययोजना साझा की। इस दौरान आगामी वर्ष में किए जाने वाले सामाजिक, सांस्कृतिक और संगठनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई, ताकि समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सके।

मनोरंजक गतिविधियों ने बांधा समां

दर्शन और बैठक के उपरांत मनोरंजन का दौर शुरू हुआ। सखियों ने मधुर भजनों की प्रस्तुति दी और विभिन्न मनोरंजक खेलों का आनंद लिया। आपसी संवाद और हंसी-ठिठोली के बीच आयोजित इस कार्यक्रम में एकता और सहयोग का अनूठा संगम देखने को मिला।

इनका रहा विशेष योगदान

इस गरिमामयी मिलन समारोह की मुख्य आयोजक सरोज चौबे, उर्मिला उपाध्याय, पूनम मिश्रा, कामिनी तिवारी, मृदुला शुक्ला, अंजू त्रिपाठी, अनीता पर्वत और सुधा शर्मा रहीं। कार्यक्रम को सफल बनाने में सभी उपस्थित विप्र सखियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

आयोजन के अंत में सभी ने एक-दूसरे को नववर्ष की शुभकामनाएं दीं। इस मिलन समारोह ने न केवल नववर्ष के स्वागत को यादगार बनाया, बल्कि नारी शक्ति और सामाजिक एकजुटता का एक सशक्त संदेश भी प्रसारित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *