वॉशिंगटन/तेहरान। स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पास अमेरिकी सेना का एक अपाचे अटैक हेलिकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। हालांकि राहत की बात यह है कि हेलिकॉप्टर में सवार दोनों पायलटों को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसे के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। आशंका जताई जा रही है कि यह दुर्घटना तकनीकी खराबी, किसी बाहरी हमले या अन्य किसी कारण से हुई हो सकती है। अमेरिकी सेना या ट्रम्प प्रशासन की ओर से इस घटना पर अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
अमेरिकी अखबार द न्यूयॉर्क टाइम्स ने अपने सूत्रों के हवाले से बताया है कि इस घटना की पुष्टि दो अधिकारियों ने की है, जिन्होंने बताया कि हेलिकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हुआ लेकिन दोनों पायलट सुरक्षित हैं।
यह घटना ऐसे समय पर हुई है जब होर्मुज जलडमरूमध्य क्षेत्र में तनाव लगातार बढ़ा हुआ है। हाल के दिनों में इजराइल और ईरान के बीच सैन्य तनाव और हमलों की घटनाएं सामने आई हैं, जिससे क्षेत्र की स्थिति संवेदनशील बनी हुई है।
रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी सेना इस क्षेत्र में अपाचे हेलिकॉप्टर के साथ-साथ MQ-9 रीपर ड्रोन, F/A-18 और F-35 जैसे उन्नत सैन्य विमानों का उपयोग कर रही है। इनका उद्देश्य होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले व्यापारिक जहाजों की सुरक्षा और ईरानी गतिविधियों पर निगरानी रखना बताया जाता है।
जानकारी यह भी है कि इससे पहले ईरान द्वारा कई अमेरिकी रीपर ड्रोन को गिराए जाने के दावे किए गए थे। वहीं, अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने हाल ही में होर्मुज क्षेत्र में सैन्य अभ्यास और निगरानी बढ़ाने की बात कही थी।
फिलहाल इस हादसे की विस्तृत जांच की जा रही है और आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।