शामली: उत्तर प्रदेश के शामली जिले में बुधवार शाम हुई सनसनीखेज वारदात से इलाके में दहशत फैल गई। अज्ञात बदमाशों ने मशहूर हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर उनकी हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने करीब 20 राउंड गोलियां चलाईं। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
सरेआम ताबड़तोड़ फायरिंग से मची अफरा-तफरी
जानकारी के मुताबिक, वारदात बुधवार शाम करीब सात बजे हुई। बदमाशों ने अंकित बालियान को निशाना बनाकर एक के बाद एक कई गोलियां दागीं। अचानक हुई अंधाधुंध फायरिंग से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस आपसी रंजिश समेत अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री में थी पहचान
अंकित बालियान मूल रूप से शामली जिले के बंतीखेड़ा गांव के रहने वाले थे। हरियाणवी संगीत जगत में उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई थी। वह मासूम शर्मा और रानू पंजाबी जैसे चर्चित कलाकारों के साथ कई बड़े प्रोजेक्ट्स में काम कर चुके थे।
अंकित की सरेआम हत्या की खबर सामने आने के बाद उनके गांव और प्रशंसकों के बीच शोक का माहौल है। वहीं, इस वारदात से हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री में भी सनसनी फैल गई है।
आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
घटना के बाद पुलिस ने आसपास के इलाकों में जांच तेज कर दी है। हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस वारदात के पीछे की वजह का पता लगाने के साथ-साथ यह भी जांच कर रही है कि हमले की पहले से कोई साजिश रची गई थी या नहीं।