मुंबई। मुंबई पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई में बांग्लादेशी ट्रांसजेंडर ‘गुरु मां’ के नाम से मशहूर बाबू अयान खान उर्फ ज्योति को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, वह पिछले 30 सालों से फर्जी दस्तावेजों के सहारे भारत में रह रही थी।
यह मामला तब उजागर हुआ जब मुंबई में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा था। मार्च 2025 में शिवाजी नगर पुलिस ने रफीक नगर क्षेत्र से कुछ बांग्लादेशी ट्रांसजेंडरों को हिरासत में लिया था। उस समय ज्योति के पास आधार कार्ड, पैन कार्ड और अन्य भारतीय दस्तावेज मौजूद थे, इसलिए उसे छोड़ दिया गया था।
बाद में पुलिस ने उसके द्वारा प्रस्तुत भारतीय जन्म प्रमाण पत्र और अन्य दस्तावेजों की जांच कराई, जिनमें से सभी फर्जी पाए गए। इसके बाद पुलिस ने ज्योति को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि ज्योति के 300 से अधिक फॉलोअर्स थे और मुंबई के रफीक नगर, गोवंडी सहित अन्य क्षेत्रों में उसके लगभग 20 घर बताए जाते हैं।
शिवाजी नगर, नारपोली, देवनार, ट्रॉम्बे और कुर्ला पुलिस क्षेत्रों में भी ज्योति के खिलाफ कई मामले दर्ज हैं। उसे पासपोर्ट अधिनियम और भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने कहा कि यह गिरफ्तारी उन लोगों के लिए चेतावनी है, जो फर्जी दस्तावेजों के सहारे भारत में अवैध रूप से निवास कर रहे हैं। वहीं, पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि ज्योति ने फर्जी दस्तावेज कहाँ बनवाए और अभी तक कितने ऐसे दस्तावेज बनाए गए हैं।