महादेव ऐप केस में बड़ा एक्शन! सौरभ चंद्राकर ओमान से भारत लाया गया, अब रायपुर कोर्ट में होगी पेशी

रायपुर। महादेव ऐप से जुड़े अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी नेटवर्क की जांच में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को अहम कामयाबी मिली है। इस मामले के प्रमुख प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को ओमान से भारत वापस लाया गया है। CBI की विशेष टीम ने अन्य केंद्रीय जांच एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर प्रत्यर्पण की प्रक्रिया पूरी की।

भारत पहुंचने के बाद अब सौरभ चंद्राकर को रायपुर स्थित CBI की विशेष अदालत में पेश किया जाएगा। जांच एजेंसी के मुताबिक, चंद्राकर दो अलग-अलग मामलों में आरोपी के रूप में वांछित था। इन दोनों प्रकरणों में CBI पहले ही अपनी जांच पूरी कर आरोप पत्र दाखिल कर चुकी है।

वहीं, प्रवर्तन निदेशालय (ED) भी महादेव ऐप से जुड़े एक अन्य मामले में उसकी तलाश कर रहा था। इस प्रकरण में ED की ओर से भी अभियोजन शिकायत अदालत में प्रस्तुत की जा चुकी है।

सौरभ चंद्राकर की भारत वापसी को महादेव ऐप के कथित अवैध सट्टेबाजी कारोबार से जुड़े मामलों की जांच में एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है। अब रायपुर की विशेष अदालत में उसकी पेशी के बाद आगे की न्यायिक प्रक्रिया और जांच एजेंसियों की कार्रवाई पर नजर रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *