रेल यात्रियों के लिए बड़ा बदलाव: स्पेशल ट्रेनें अब नियमित सेवाओं में शामिल, 1 जून से नया टाइमटेबल लागू

indian railways। रेलवे ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कई स्पेशल ट्रेनों को अब नियमित सेवाओं में बदल दिया है। 1 जून से इन ट्रेनों का संचालन नए नंबरों और संशोधित समय-सारिणी के साथ किया जाएगा, जिससे दैनिक यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार सीकर-जयपुर-सीकर स्पेशल ट्रेन अब 74835/74836 सीकर-जयपुर डेमू के रूप में प्रतिदिन चलाई जाएगी। यह ट्रेन सुबह 7:30 बजे सीकर से रवाना होकर 10:20 बजे जयपुर पहुंचेगी, जबकि वापसी में शाम 7:35 बजे जयपुर से चलकर रात 10:10 बजे सीकर पहुंचेगी। मार्ग में कई प्रमुख स्टेशनों पर इसका ठहराव रहेगा।

इसी तरह जयपुर-भिवानी स्पेशल सेवा को अब 59709/59710 फास्ट पैसेंजर के रूप में नियमित किया गया है। यह ट्रेन सुबह जयपुर से 7:00 बजे रवाना होकर दोपहर 2:20 बजे भिवानी पहुंचेगी, जबकि वापसी में शाम 4:25 बजे भिवानी से चलकर रात 11:25 बजे जयपुर पहुंचेगी। इस रूट पर रींगस, नारनौल, रेवाड़ी सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव दिया गया है।

रेवाड़ी-रींगस स्पेशल ट्रेन भी अब 59633/59634 द्वि-साप्ताहिक सेवा के रूप में नियमित की गई है। यह ट्रेन सप्ताह में शनिवार और रविवार को रेवाड़ी से 11:00 बजे रवाना होकर 2:20 बजे रींगस पहुंचेगी, जबकि वापसी में 2:55 बजे चलकर 6:20 बजे रेवाड़ी पहुंचेगी।

इसके अलावा फुलेरा-जयपुर स्पेशल रेलसेवा का विस्तार कर इसे अब रेवाड़ी तक बढ़ा दिया गया है। नई सेवा 59630/59629 फुलेरा-रेवाड़ी-फुलेरा प्रतिदिन चलेगी। यह ट्रेन सुबह 7:25 बजे फुलेरा से रवाना होकर दोपहर 2:00 बजे रेवाड़ी पहुंचेगी, जबकि वापसी में 3:00 बजे रेवाड़ी से चलकर रात 9:20 बजे फुलेरा पहुंचेगी।

रेलवे के इस फैसले से क्षेत्र के यात्रियों को अधिक नियमित, सुविधाजनक और समयबद्ध रेल सेवाएं उपलब्ध होंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *