मुंबई। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने मंगलवार को घोषणा करते हुए पूर्व भारतीय ऑलराउंडर साईराज बहुतुले को भारतीय सीनियर पुरुष क्रिकेट टीम का स्पिन बॉलिंग कोच नियुक्त किया है। इस नई जिम्मेदारी के साथ बहुतुले अब सभी फॉर्मेट में टीम इंडिया के स्पिन गेंदबाजों का मार्गदर्शन करेंगे।
BCCI की ओर से जारी बयान में कहा गया कि साईराज बहुतुले की नियुक्ति का उद्देश्य अगली पीढ़ी के स्पिन गेंदबाजों को और अधिक निखारना है, जिससे भारतीय टीम की गेंदबाजी इकाई को मजबूती मिल सके।
अपनी नियुक्ति पर खुशी जताते हुए साईराज बहुतुले ने कहा कि यह उनके लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि बतौर खिलाड़ी भारत का प्रतिनिधित्व करना उनके जीवन का सबसे बड़ा सम्मान था और अब कोच के रूप में फिर से देश के लिए योगदान देने का अवसर मिलना बेहद खास है।
साईराज बहुतुले का क्रिकेट करियर भी काफी प्रभावशाली रहा है। उन्होंने भारत के लिए 2 टेस्ट और 8 वनडे मैच खेले हैं। वहीं, 188 प्रथम श्रेणी मुकाबलों में उन्होंने 6,176 रन बनाए और 630 विकेट अपने नाम किए हैं।
खेल करियर के बाद उन्होंने कोचिंग में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है। बहुतुले ने विदर्भ, केरल, गुजरात और बंगाल जैसी घरेलू टीमों के हेड कोच के रूप में काम किया है। इसके अलावा वे IPL में राजस्थान रॉयल्स और पंजाब किंग्स के साथ स्पिन बॉलिंग कोच की भूमिका निभा चुके हैं।
वे लंबे समय तक BCCI की नेशनल क्रिकेट अकादमी (अब सेंटर ऑफ एक्सीलेंस) का हिस्सा रहे, जहां उन्होंने युवा खिलाड़ियों को तराशने में अहम भूमिका निभाई। अब उनकी नियुक्ति से भारतीय स्पिन विभाग को और मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।