तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा बदलाव, TVK ने कांग्रेस को दी इकलौती राज्यसभा सीट

चेन्नई। तमिलनाडु की राजनीति में सत्ताधारी दल ‘तमिलगा वेट्री कझगम’ (TVK) के मुखिया और मुख्यमंत्री Vijay ने एक बड़ा राजनीतिक फैसला लेते हुए राज्यसभा चुनाव में अपनी पार्टी की एकमात्र सुरक्षित सीट कांग्रेस को देने की घोषणा की है। यह निर्णय 18 जून को होने वाले राज्यसभा के द्विवार्षिक चुनाव से पहले लिया गया है।

राजनीतिक हलकों में यह कदम चर्चा का विषय बन गया है, क्योंकि तमिलनाडु विधानसभा में कांग्रेस के पास मात्र पांच विधायक हैं, इसके बावजूद मुख्यमंत्री विजय ने गठबंधन धर्म निभाते हुए यह सीट कांग्रेस के खाते में डाल दी है।

कांग्रेस को मिला बड़ा राजनीतिक तोहफा

सूत्रों के अनुसार, यह राज्यसभा सीट AIADMK नेता सी.वी. षणमुगम के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी। इसी सीट पर उपचुनाव होना है। TVK के इस फैसले को कांग्रेस के लिए बड़ा राजनीतिक समर्थन माना जा रहा है।

इससे पहले भी मुख्यमंत्री विजय ने कांग्रेस के दो विधायकों को अपने मंत्रिमंडल में शामिल किया था, जिसके बाद यह दूसरी बड़ी राजनीतिक पहल मानी जा रही है।

प्रवीण चक्रवर्ती हो सकते हैं उम्मीदवार

कांग्रेस के उच्च पदस्थ सूत्रों के अनुसार, पार्टी के वरिष्ठ नेता और राहुल गांधी की कोर टीम से जुड़े प्रवीण चक्रवर्ती को इस सीट से उम्मीदवार बनाए जाने की संभावना है। वे कांग्रेस के डेटा एनालिटिक्स विभाग और अखिल भारतीय पेशेवर कांग्रेस (AIPC) के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में कार्यरत हैं।

सूत्रों के मुताबिक, वे जल्द ही नामांकन दाखिल कर सकते हैं और पार्टी उन्हें संसद के उच्च सदन में भेजने की तैयारी में है।

मुलाकात के बाद आया बड़ा फैसला

घटनाक्रम के अनुसार, कांग्रेस के तमिलनाडु चुनाव प्रभारी गिरीश चोडनकर ने हाल ही में चेन्नई में मुख्यमंत्री विजय से मुलाकात की थी। इस बैठक में कांग्रेस की ओर से राज्यसभा सीट को लेकर औपचारिक अनुरोध किया गया था। मुलाकात के कुछ घंटों बाद ही मुख्यमंत्री विजय ने इस मांग को स्वीकार कर लिया।

राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज

इस फैसले को तमिलनाडु की राजनीति में एक बड़ा रणनीतिक कदम माना जा रहा है। विश्लेषकों का मानना है कि यह निर्णय गठबंधन की मजबूती और कांग्रेस के साथ रिश्तों को और गहरा करने की दिशा में अहम साबित हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *