सरकार का बड़ा फैसला: नई योजना के तहत छत्तीसगढ़ में 2 लाख महिलाओं को मिलेगा मुफ्त गैस कनेक्शन

रायपुर : राजधानी रायपुर में आयोजित एक विशेष प्रेस वार्ता के दौरान प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना 3.0 के विस्तार को लेकर अहम घोषणा की गई। इस दौरान केंद्र सरकार ने गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए बड़ी सौगात देते हुए उज्ज्वला योजना के तहत अतिरिक्त मुफ्त गैस कनेक्शन स्वीकृत करने की जानकारी दी।

देशभर में 25 लाख, छत्तीसगढ़ को मिले 2 लाख कनेक्शन

केंद्र सरकार ने उज्ज्वला योजना 3.0 के अंतर्गत पूरे देश में 25 लाख नए निःशुल्क LPG कनेक्शन देने का निर्णय लिया है। इसमें से छत्तीसगढ़ के लिए 2 लाख कनेक्शन स्वीकृत किए गए हैं। इन कनेक्शनों का लाभ राज्य की आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद महिलाओं को मिलेगा, जिससे उनकी रसोई तक स्वच्छ ईंधन पहुंचेगा।

अब तक 10 करोड़ से ज्यादा महिलाएं लाभान्वित

सरकारी आंकड़ों के अनुसार, उज्ज्वला योजना के विभिन्न चरणों के तहत अब तक देशभर में 10.33 करोड़ से अधिक महिलाओं को मुफ्त LPG कनेक्शन प्रदान किए जा चुके हैं। उज्ज्वला 3.0 के तहत इस संख्या में और इजाफा होगा, जिससे ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों की महिलाएं लाभान्वित होंगी।

आवेदन प्रक्रिया आसान

योजना का लाभ लेने के इच्छुक पात्र महिलाएं अपने नजदीकी LPG गैस एजेंसी या डिस्ट्रीब्यूटर से संपर्क कर आवेदन कर सकती हैं। पात्रता पूरी करने पर उन्हें निःशुल्क गैस कनेक्शन उपलब्ध कराया जाएगा।

क्या है प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना?

प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना केंद्र सरकार की एक महत्वाकांक्षी जनकल्याणकारी योजना है, जिसका उद्देश्य गरीब परिवारों की महिलाओं को धुएं से मुक्त रसोई उपलब्ध कराना है। इस योजना के माध्यम से पारंपरिक चूल्हों से होने वाली बीमारियों को कम करने और महिलाओं के स्वास्थ्य की रक्षा करने का प्रयास किया जा रहा है।

2016 में हुई थी शुरुआत

इस योजना की शुरुआत 1 मई 2016 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश के बलिया से की थी। वर्तमान में उज्ज्वला योजना अपने तीसरे चरण यानी उज्ज्वला 3.0 के रूप में पूरे देश में संचालित की जा रही है, जिसके तहत लाखों महिलाओं को मुफ्त LPG कनेक्शन प्रदान किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *