रायपुर JNM मेडिकल कॉलेज को बड़ी सौगात, MBBS की 20 नई सीटों को मिली मंजूरी

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मेडिकल छात्रों के लिए बड़ी राहत की खबर है। राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग (NMC) ने रायपुर स्थित पंडित जवाहरलाल नेहरू मेमोरियल (JNM) मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की 20 अतिरिक्त सीटों को मंजूरी दे दी है। नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 से कॉलेज में अब 230 की बजाय 250 छात्रों को एमबीबीएस में प्रवेश दिया जाएगा। इस फैसले से राज्य के अधिक विद्यार्थियों को सरकारी मेडिकल कॉलेज में पढ़ाई का अवसर मिलेगा।

NMC के मेडिकल असेसमेंट एंड रेटिंग बोर्ड (MARB) ने 10 जुलाई 2026 को जारी लेटर ऑफ परमिशन (LoP) के माध्यम से सीटों में वृद्धि की स्वीकृति प्रदान की है। जेएनएम मेडिकल कॉलेज पंडित दीनदयाल उपाध्याय मेमोरियल हेल्थ साइंसेज एंड आयुष यूनिवर्सिटी, छत्तीसगढ़ से संबद्ध है।

1963 से लगातार बढ़ती रही सीटें

जेएनएम मेडिकल कॉलेज की स्थापना वर्ष 1963 में 60 MBBS सीटों के साथ हुई थी। समय-समय पर मेडिकल शिक्षा के विस्तार के तहत सीटों में बढ़ोतरी की गई। पहले सीटें 100 हुईं, फिर वर्ष 2009 में 150, 2019 में 180, 2023 में 230 और अब 2026-27 सत्र से कुल 250 सीटें हो गई हैं।

छात्रों को मिलेगा बड़ा लाभ

नई स्वीकृति के बाद राज्य के अधिक छात्रों को मेडिकल शिक्षा का अवसर मिलेगा। इससे सरकारी मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश की संभावनाएं बढ़ेंगी और दूसरे राज्यों में जाकर पढ़ाई करने की आवश्यकता भी कम होगी।

स्वास्थ्य मंत्री ने जताया खुशी

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने NMC के निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि यह छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व और राज्य सरकार के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि सरकार स्वास्थ्य शिक्षा के विस्तार और बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है।

डॉक्टरों की संख्या बढ़ाने में मिलेगी मदद

विशेषज्ञों का मानना है कि एमबीबीएस सीटों में बढ़ोतरी से आने वाले वर्षों में प्रदेश में डॉक्टरों की उपलब्धता बढ़ेगी। साथ ही मेडिकल शिक्षा का दायरा भी विस्तृत होगा, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूती मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *