Railway Recruitment 2026: रेलवे में नौकरी की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के लिए अच्छी खबर है। रेलवे भर्ती सेल (RRC) ने पूर्व मध्य रेलवे (ECR) में जनरल डिपार्टमेंटल कॉम्पिटिटिव एग्जामिनेशन (GDCE) 2026 के तहत 1,465 पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है। भर्ती में असिस्टेंट लोको पायलट, टेक्नीशियन, जूनियर इंजीनियर, गुड्स ट्रेन मैनेजर और स्टेशन मास्टर समेत कई पद शामिल हैं। इच्छुक उम्मीदवार 15 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
किस पद पर कितनी भर्ती
इस भर्ती में सबसे ज्यादा 910 पद असिस्टेंट लोको पायलट (ALP) के हैं। इसके अलावा गुड्स ट्रेन मैनेजर के 389, कमर्शियल कम टिकट क्लर्क के 42, टेक्नीशियन के विभिन्न ट्रेडों में पद, जूनियर इंजीनियर के अलग-अलग विभागों में पद और डिपो मटीरियल सुपरिटेंडेंट के 19 पद रखे गए हैं। स्टेशन मास्टर के लिए 9 पद निर्धारित हैं। इसके साथ ही चीफ कमर्शियल कम टिकट सुपरवाइजर, सीनियर क्लर्क और सेक्शन कंट्रोलर समेत अन्य पद भी भर्ती में शामिल हैं।
15 अक्टूबर तक होगा आवेदन
इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 15 सितंबर 2026 से शुरू हो चुकी है। उम्मीदवार निर्धारित अंतिम तिथि 15 अक्टूबर तक RRC या पूर्व मध्य रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करते समय अभ्यर्थियों को पद के अनुसार मांगी गई शैक्षणिक योग्यता और अन्य पात्रता शर्तों को ध्यान से देखना होगा।
अलग-अलग पदों के लिए अलग योग्यता
भर्ती में शामिल पदों के अनुसार शैक्षणिक योग्यता अलग-अलग निर्धारित की गई है। कुछ पदों के लिए मैट्रिक या एसएसएलसी के साथ ITI, जबकि तकनीकी पदों के लिए संबंधित ट्रेड में डिप्लोमा या डिग्री मांगी गई है। कुछ पदों के लिए 12वीं पास होना भी आवश्यक है। इसलिए आवेदन से पहले संबंधित पद की योग्यता की जांच करना जरूरी है।
18 से 42 वर्ष तक के उम्मीदवार पात्र
उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 42 वर्ष निर्धारित की गई है। आयु की गणना 1 जनवरी 2027 के आधार पर की जाएगी। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट मिलेगी।
CBT और मेडिकल टेस्ट से होगा चयन
उम्मीदवारों का चयन पद के अनुसार कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT), कंप्यूटर आधारित एप्टीट्यूड टेस्ट, कंप्यूटर आधारित टाइपिंग स्किल टेस्ट, दस्तावेज सत्यापन और मेडिकल जांच के आधार पर किया जाएगा। चयनित उम्मीदवारों को पद के अनुसार 7वें वेतन आयोग के पे मैट्रिक्स लेवल-2 से लेवल-6 तक वेतन दिया जाएगा।