जलभराव-सफाई पर निगम की बड़ी बैठक आज, कई अहम मुद्दों पर होगी चर्चा

रायपुर। राजधानी रायपुर में मानसून के दौरान सामने आ रही नागरिक समस्याओं को लेकर नगर निगम की विशेष सामान्य सभा सोमवार को आयोजित होगी। बैठक में शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जलभराव, नालों की सफाई, कचरा प्रबंधन, सड़क मरम्मत और बारिश के दौरान नागरिक सुविधाओं से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। साथ ही पार्षद अपने-अपने वार्डों की समस्याएं भी सदन के समक्ष रखेंगे।

बैठक शुरू होने से पहले ही इस पर राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है। कांग्रेस ने विशेष सामान्य सभा बुलाने के निर्णय पर सवाल उठाते हुए इसे नगर निगम की प्रशासनिक विफलता का संकेत बताया है।

पूर्व महापौर और कांग्रेस नेता प्रमोद दुबे ने कहा कि विशेष सामान्य सभा आमतौर पर किसी बड़े नीतिगत फैसले, आपात स्थिति या अत्यंत महत्वपूर्ण विषय पर बुलाई जाती है। उन्होंने कहा कि जलभराव, सफाई व्यवस्था और नालों की देखरेख नगर निगम की नियमित जिम्मेदारी है। ऐसे सामान्य प्रशासनिक विषयों पर विशेष बैठक बुलाना इस बात का संकेत है कि मानसून से पहले पर्याप्त तैयारियां नहीं की गईं।

वहीं नगर निगम का कहना है कि बैठक में शहर के विभिन्न इलाकों में जलभराव की स्थिति, नालों की सफाई की प्रगति, कचरा उठाव, क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के उपायों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया जाएगा। मानसून की शुरुआत के बाद शहर के कई हिस्सों से जलभराव और सफाई व्यवस्था को लेकर लगातार शिकायतें सामने आई हैं, जिन्हें देखते हुए यह बैठक बुलाई गई है।

गौरतलब है कि नगर निगम की पिछली विशेष सामान्य सभा भी काफी चर्चा में रही थी। उस दौरान महिला सशक्तिकरण विषय पर आयोजित बैठक में कांग्रेस पार्षदों ने पानी की समस्या को लेकर मटका और बाल्टी के साथ प्रदर्शन किया था। वहीं प्लेसमेंट कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर निगम मुख्यालय का घेराव किया था। इसके अलावा चौक-चौराहों के नामकरण और प्रतिमा स्थापना जैसे मुद्दों पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली थी।

आज होने वाली विशेष सामान्य सभा में भी जलभराव, सफाई व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच जोरदार बहस होने की संभावना जताई जा रही है। ऐसे में बैठक के दौरान लिए जाने वाले निर्णयों और राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप पर सभी की नजरें टिकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *