शराब प्रेमियों के लिए बड़ी खबर: इस दिन बंद रहेंगी सभी शराब दुकानें, कलेक्टर ने जारी किया आदेश

कोरबा। शराब प्रेमियों के लिए जरूरी खबर है। गांधी जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर 2026 को छत्तीसगढ़ के कोरबा और मुंगेली जिले में शराब की बिक्री पूरी तरह बंद रहेगी। दोनों जिलों के कलेक्टरों ने 2 अक्टूबर को शुष्क दिवस घोषित करते हुए शराब दुकानों को बंद रखने के आदेश जारी किए हैं। ऐसे में शराब खरीदने वालों को पहले से ही इसका ध्यान रखना होगा।

कोरबा में सभी मदिरा दुकानें रहेंगी बंद

कोरबा कलेक्टर कुणाल दुदावत ने गांधी जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर को जिले में शुष्क दिवस घोषित किया है। आदेश के अनुसार शुक्रवार को जिले में संचालित समस्त देशी-विदेशी मदिरा दुकानें, प्रीमियम एवं कम्पोजिट मदिरा दुकानें, एफएल-3, एफएल-3 क और अहाते पूर्णतः बंद रहेंगे।

कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मदिरा बंदी के पूर्व दिवस निर्धारित समय के बाद शराब दुकानों को सीलबंद किया जाए। साथ ही शुष्क दिवस के दौरान अवैध शराब की बिक्री न हो, यह सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाए।

मुंगेली में भी घोषित किया गया शुष्क दिवस

वहीं, मुंगेली जिले में भी 2 अक्टूबर को एक दिन के लिए शुष्क दिवस घोषित किया गया है। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी अमृत विकास तोपनो ने जिले की विभिन्न देशी-विदेशी मदिरा दुकानों, कम्पोजिट दुकानों, अहातों और एफएल-3 होटल बार को बंद रखने के आदेश जारी किए हैं।

इसके अलावा जिले में स्थित आसवनी के अंतर्गत मदिरा के परिवहन, आयात-निर्यात और परेषण पर भी 2 अक्टूबर को पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

आदेश का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश

प्रशासन ने शुष्क दिवस के दौरान शराब की बिक्री और परिवहन पर रोक के आदेश का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों को अवैध शराब की बिक्री पर नजर रखने और नियमों का उल्लंघन होने पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।

इसलिए 2 अक्टूबर को शराब खरीदने की योजना बना रहे लोगों को ध्यान रखना होगा कि कोरबा और मुंगेली जिले में शराब की दुकानें बंद रहेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *