फतेहपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पेपर लीक की घटनाओं पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि नीट परीक्षा में कथित गड़बड़ियों के आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है और भविष्य में ऐसे मामलों पर प्रभावी रोक लगाने के लिए केंद्र सरकार संसद में सख्त कानून लाने जा रही है।
फतेहपुर के मदारीपुर कला मैदान में 489 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 125 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार युवाओं और छात्रों के हितों की रक्षा के लिए लगातार कदम उठा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पेपर लीक जैसे अपराधों में शामिल दोषियों को जेल भेजा जाएगा और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रस्तावित नए कानून में पेपर लीक के आरोपियों के खिलाफ कड़ी सजा के साथ उनकी संपत्ति जब्त करने जैसे सख्त प्रावधान भी शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) से जुड़े मामलों में भी आवश्यक कार्रवाई की गई है और शिक्षा व्यवस्था को अधिक पारदर्शी एवं जवाबदेह बनाने के प्रयास जारी हैं।
योगी आदित्यनाथ ने नई शिक्षा नीति की सराहना करते हुए कहा कि इससे भारतीय युवाओं को वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिल रही है और शिक्षा व्यवस्था आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण बन रही है।
कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में माफिया और अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है। उन्होंने कहा कि अपराधियों के लिए केवल दो ही स्थान हैं— जेल या जहन्नुम। साथ ही दावा किया कि राज्य सरकार ने भू-माफिया और अपराधियों के खिलाफ प्रभावी अभियान चलाकर सरकारी जमीनों से अवैध कब्जे हटाए हैं।
मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वर्ष 2012 से 2017 के बीच निकली अधिकांश सरकारी भर्तियां विवादों में रहीं और योग्य अभ्यर्थियों के साथ अन्याय हुआ। इसके विपरीत उनकी सरकार ने पिछले नौ वर्षों में पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से 9 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां उपलब्ध कराई हैं।
फतेहपुर के विकास का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कभी आकांक्षी जिलों में शामिल रहा यह जिला अब तेजी से विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज, सड़क, पुल, अस्पताल, बिजली, नर्सिंग कॉलेज और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास से जिले की तस्वीर बदल रही है। साथ ही उन्होंने जनता से विकास की इस गति को बनाए रखने के लिए सरकार का समर्थन करने की अपील की।