श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए बड़ा कदम, अमरनाथ यात्रा में आएगा नया पहचान ऐप

अनंतनाग। अमरनाथ यात्रा 2026 पर जाने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए जम्मू-कश्मीर पुलिस ने एक बड़ा कदम उठाया है। अनंतनाग पुलिस ने ‘पहचान ऐप’ (Pehchan App) नाम का एक डिजिटल प्लेटफॉर्म लॉन्च किया है, जो क्यूआर कोड आधारित तकनीक पर काम करेगा।

इस ऐप का मुख्य उद्देश्य यात्रा मार्ग, बेस कैंप और प्रमुख पर्यटन स्थलों पर तैनात सेवा प्रदाताओं का पंजीकरण और सत्यापन करना है, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और पारदर्शी सेवाएं मिल सकें।

कैसे काम करेगा ‘पहचान ऐप’

इस ऐप के जरिए टेंट, घोड़े-खच्चर, पालकी और अन्य सेवाएं देने वाले सभी स्थानीय लोगों को एक यूनिक क्यूआर कोड दिया जाएगा। यात्रा मार्ग पर तैनात सुरक्षाकर्मी इस कोड को स्कैन कर तुरंत संबंधित व्यक्ति की पहचान और रिकॉर्ड की जांच कर सकेंगे।

इससे यह सुनिश्चित होगा कि यात्रा मार्ग पर केवल अधिकृत और सत्यापित लोग ही सेवाएं दे रहे हैं, जबकि गैर-पंजीकृत व्यक्तियों की पहचान आसानी से की जा सकेगी।

फर्जीवाड़े और ओवरचार्जिंग पर लगेगी रोक

अधिकारियों के अनुसार, अमरनाथ यात्रा के दौरान अक्सर यात्रियों से अधिक शुल्क वसूलने, धोखाधड़ी और विवाद की शिकायतें सामने आती रही हैं। इस डिजिटल व्यवस्था के लागू होने से इन समस्याओं पर काफी हद तक रोक लगेगी।

यदि कोई सेवा प्रदाता गड़बड़ी में शामिल पाया जाता है, तो ऐप में मौजूद डेटा के आधार पर उसे तुरंत ट्रैक कर ब्लैकलिस्ट किया जा सकेगा।

सुरक्षा व्यवस्था होगी और मजबूत

पुलिस का कहना है कि इस ऐप का मुख्य उद्देश्य यात्रा की सुरक्षा को तकनीकी रूप से मजबूत बनाना है। इससे सुरक्षा बलों को रजिस्टर्ड और गैर-पंजीकृत लोगों की पहचान करने में आसानी होगी।

इस पहल से देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को भरोसेमंद सेवाएं मिलेंगी और सुरक्षा जोखिमों को कम किया जा सकेगा। यात्रा शुरू होने से पहले ही ऐप पर रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया तेज कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *