लखनऊ। उत्तर प्रदेश के युवाओं को रोजगार के अधिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए सेवायोजन विभाग नई पहल शुरू करने जा रहा है। मुख्यमंत्री रोजगार मिशन के तहत पहली बार प्रदेश की सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में वृहद रोजगार मेले आयोजित किए जाएंगे। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में होने वाले रोजगार मेले के जरिए करीब 500 युवाओं को नौकरी का अवसर उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।
इस पहल से स्थानीय स्तर पर बेरोजगार युवाओं को निजी कंपनियों तक सीधे पहुंचने और अपनी योग्यता के अनुसार रोजगार पाने का अवसर मिलेगा।
विधानसभा स्तर पर अलग बजट का प्रावधान
सेवायोजन विभाग ने विधानसभा स्तर पर रोजगार मेलों के आयोजन के लिए पहली बार अलग से बजट का प्रावधान किया है। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के लिए 5 लाख रुपये की धनराशि निर्धारित की गई है।
विभाग की योजना के अनुसार विधानसभा स्तर पर सभी रोजगार मेलों का आयोजन 31 मार्च तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इन मेलों की शुरुआत अगले महीने से होने की संभावना है।
निजी कंपनियां लेंगी युवाओं का इंटरव्यू
रोजगार मेलों में निजी क्षेत्र की अलग-अलग कंपनियों को आमंत्रित किया जाएगा। कंपनियां युवाओं की शैक्षिक योग्यता, तकनीकी दक्षता और अनुभव के आधार पर साक्षात्कार लेकर चयन करेंगी।
इससे युवाओं को एक ही स्थान पर अलग-अलग कंपनियों में नौकरी के अवसर तलाशने का मौका मिलेगा।
18 से 40 वर्ष के युवा कर सकेंगे आवेदन
वृहद रोजगार मेले में हाईस्कूल से स्नातक तक की शैक्षिक योग्यता रखने वाले 18 से 40 वर्ष के युवा हिस्सा ले सकेंगे। रोजगार मेले में शामिल होने के लिए युवाओं का सेवायोजन विभाग के रोजगार संगम पोर्टल पर पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा।
युवाओं को सलाह दी गई है कि वे अपनी शैक्षिक योग्यता और अनुभव से जुड़े दस्तावेजों के साथ पोर्टल पर पंजीकरण पूरा रखें, ताकि रोजगार मेले में चयन प्रक्रिया में शामिल हो सकें।
सभी 75 जिलों में भी लगेगा वृहद रोजगार मेला
विधानसभा स्तर के आयोजनों के अलावा प्रदेश के सभी 75 जिलों में भी वृहद रोजगार मेले आयोजित किए जाएंगे। जिला स्तर के रोजगार मेले के लिए अलग से 10 लाख रुपये का बजट निर्धारित किया गया है।
इन मेलों में बड़ी संख्या में निजी कंपनियों को आमंत्रित कर युवाओं के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की तैयारी है।
31 मार्च तक पूरा करने का लक्ष्य
विधानसभा और जिला स्तर पर आयोजित होने वाले रोजगार मेलों को मुख्यमंत्री रोजगार मिशन से जोड़कर 31 मार्च तक निर्धारित लक्ष्य पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। इन आयोजनों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की भागीदारी भी सुनिश्चित किए जाने की योजना है।
दो लाख से ज्यादा युवाओं को नौकरी देने का लक्ष्य
निदेशक सेवायोजन नेहा प्रकाश के मुताबिक, मुख्यमंत्री रोजगार मिशन के तहत पहली बार विधानसभा स्तर पर पांच लाख रुपये और जिला स्तर पर 10 लाख रुपये का बजट रोजगार मेलों के आयोजन के लिए निर्धारित किया गया है। बजट भेजने की प्रक्रिया शुरू हो गई है और अगले महीने से रोजगार मेले शुरू होने की संभावना है।
उन्होंने बताया कि इन रोजगार मेलों के माध्यम से दो लाख से अधिक युवाओं को नौकरी देने का लक्ष्य रखा गया है। सरकार और विभाग का फोकस स्थानीय स्तर पर युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने पर है।