भिलाई जमीन फर्जीवाड़ा केस में बड़ा अपडेट, संगीता शाह ने थाने में दी गिरफ्तारी

भिलाई। ग्राम कोहका की जमीन के कथित धोखाधड़ी मामले में सिम्प्लेक्स कास्टिंग लिमिटेड की डायरेक्टर संगीता केतन शाह ने 14 सितंबर 2026 को सुपेला थाने पहुंचकर अपनी औपचारिक गिरफ्तारी दी। हाईकोर्ट से अग्रिम जमानत मिलने के बाद पुलिस ने जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी की और उन्हें थाने से ही रिहा कर दिया। मामले में उनके पति केतन मूलचंद शाह भी आरोपी हैं।

50 लाख में जमीन का सौदा, 10 लाख एडवांस लेने का आरोप

शिकायतकर्ता सुनील कुमार सोमेन के अनुसार, 13 मार्च 2023 को ग्राम कोहका स्थित करीब 0.10 हेक्टेयर जमीन का सौदा संगीता शाह के साथ 50 लाख रुपए में तय हुआ था। आरोप है कि जमीन को विवादमुक्त बताकर सौदा किया गया और इसके लिए 10 लाख रुपए एडवांस लिए गए। बाद में जमीन की रजिस्ट्री कराने से इनकार कर दिया गया।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि जांच के दौरान जमीन पहले से किराए और लीज विवाद में फंसी हुई मिली। आरोप है कि इस जानकारी को खरीदार से छिपाया गया था।

उसी जमीन पर 4.5 करोड़ रुपए का लोन लेने का आरोप

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि संबंधित जमीन के दस्तावेजों को गिरवी रखकर एक्सिस फाइनेंस लिमिटेड से करीब 4 करोड़ 50 लाख रुपए का लोन लिया गया। शिकायतकर्ता का कहना है कि यदि जमीन पहले से मॉर्गेज थी, तो इसकी जानकारी सौदे के समय दी जानी चाहिए थी।

कोर्ट के आदेश पर दर्ज हुई FIR

शिकायतकर्ता के मुताबिक, पुलिस में शिकायत के बाद कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने जिला कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। कोर्ट के आदेश के बाद 8 मई 2026 को सुपेला थाने में संगीता केतन शाह और उनके पति केतन मूलचंद शाह के खिलाफ धारा 420, 467, 468, 471 और 120बी के तहत अपराध दर्ज किया गया।

हाईकोर्ट ने दी अग्रिम जमानत

दुर्ग जिला कोर्ट से अग्रिम जमानत याचिका खारिज होने के बाद दोनों आरोपियों ने हाईकोर्ट का रुख किया। हाईकोर्ट में मामले से जुड़े दस्तावेज और बैंक स्टेटमेंट पेश किए गए। बचाव पक्ष ने बताया कि शिकायतकर्ता के खाते में 10 लाख रुपए बैंक के जरिए वापस किए गए थे।

इन तथ्यों को देखते हुए हाईकोर्ट ने संगीता शाह और केतन शाह को अग्रिम जमानत दी। साथ ही अगली सुनवाई तक मामले में आगे की आपराधिक कार्रवाई पर अंतरिम रोक लगा दी।

थाने पहुंचीं संगीता शाह, मीडिया से बात करने से किया इनकार

अग्रिम जमानत मिलने के बाद संगीता केतन शाह 14 सितंबर को सुपेला थाने पहुंचीं। पुलिस ने हाईकोर्ट के आदेश के अनुसार उनकी औपचारिक गिरफ्तारी की प्रक्रिया पूरी की और बाद में उन्हें रिहा कर दिया।

थाने पहुंचने के दौरान पत्रकारों ने उनसे मामले को लेकर सवाल किए, लेकिन उन्होंने मीडिया से बात करने से इनकार कर दिया। उनके वकील ने भी कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।

नेताओं के साथ फोटो सोशल मीडिया पर वायरल

मामला दर्ज होने के बाद संगीता केतन शाह और उनके पति के कई नेताओं के साथ फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। बताया जा रहा है कि संगीता शाह पिछले विधानसभा चुनाव में वैशाली नगर विधानसभा सीट से चुनाव भी लड़ चुकी हैं।

मामले में हाईकोर्ट के आदेश के अनुसार आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है। पुलिस की जांच और न्यायालय के अंतिम निर्णय के बाद ही आरोपों की पूरी स्थिति स्पष्ट होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *