बिहार : बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे और अंतिम चरण में मंगलवार सुबह 7 बजे से 20 जिलों की 122 सीटों पर मतदान शुरू हो गया। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार दोपहर 1 बजे तक 47.62 प्रतिशत मतदाता अपने मत का प्रयोग कर चुके थे। सबसे अधिक मतदान किशनगंज में 51.86 प्रतिशत और सबसे कम मधुबनी में 43.39 प्रतिशत दर्ज किया गया।
पश्चिमी चंपारण में 48.91 प्रतिशत, पूर्वी चंपारण में 48.01, शिवहर में 48.23, सीतामढ़ी में 45.28, सुपौल में 48.22, अररिया में 46.87, पूर्णिया में 49.63, कटिहार में 48.50 और भागलपुर में 45.09 प्रतिशत मतदान हुआ। वहीं, बांका में 50.07, कैमूर में 49.89, रोहतास में 45.19, अरवल में 47.11, जहानाबाद में 46.07, औरंगाबाद में 49.45, गया में 50.95, नवादा में 43.45 और जमुई में 50.91 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
इस चरण में कुल 3.7 करोड़ से अधिक मतदाता 1302 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। 45,399 मतदान केंद्रों पर वोटिंग जारी है, जिनमें 5,326 शहरी और 40,073 ग्रामीण केंद्र शामिल हैं। पहले चरण में दोपहर 1 बजे तक 42.31 प्रतिशत मतदान हुआ था।
इस चरण में एनडीए ने 122 उम्मीदवार मैदान में उतारे हैं, जिनमें भाजपा के 53, जदयू के 44, लोजपा (रामविलास) के 15, हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के 6 और राष्ट्रीय लोक मोर्चा के 4 उम्मीदवार शामिल हैं। वहीं, महागठबंधन ने कुल 127 उम्मीदवार उतारे हैं, जिनमें राजद के 71, कांग्रेस के 37, भाकपा माले के 6, भाकपा के 4, वीआईपी के 8 और माकपा के 1 उम्मीदवार शामिल हैं।
मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। प्रत्येक बूथ पर सशस्त्र बल तैनात हैं और इस चरण में लगभग चार लाख सुरक्षा कर्मियों को लगाया गया है। पहले चरण में 243 में से 121 सीटों पर 6 नवंबर को मतदान हो चुका है। मतगणना 14 नवंबर को होगी।
इस चरण में कई सियासी दिग्गजों की किस्मत दांव पर लगी है और मतदाताओं की भीड़ कई मतदान केंद्रों पर लंबी कतारों में देखी जा रही है।