दुर्ग, 14 जून। राष्ट्रीय राजमार्ग-53 (NH-53) पर रविवार को एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। मोहन नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत दुर्ग-राजनांदगांव बाईपास पर एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार युवक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, दुर्घटना के तुरंत बाद मोटरसाइकिल की पेट्रोल टंकी फट गई, जिससे बाइक में भीषण आग लग गई और वह देखते ही देखते जलकर खाक हो गई।

मौके से फरार हुआ ट्रेलर चालक
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक युवक अपनी मोटरसाइकिल (नंबर- CG 07 CV 3947) पर अकेला सवार होकर जा रहा था। इसी दौरान बाईपास पर ट्रेलर (नंबर- JH 05 DS 0514) ने उसे पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद आरोपी ट्रेलर चालक अपने वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया।

NHAI और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची
घटना की सूचना मिलते ही मोहन नगर थाना पुलिस और एनएचएआई (NHAI) की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए मृतक के शव को पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी (शवगृह) भिजवा दिया है। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर ट्रेलर को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। मृतक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।