डेस्क। हार्मोनल बदलाव और मानसिक तनाव के साथ-साथ बालों के झड़ने का एक बड़ा कारण पोषण की कमी भी है। विशेषज्ञों के अनुसार, खासकर प्रोटीन और B-कॉम्प्लेक्स विटामिन की कमी बालों की जड़ों को कमजोर कर सकती है।
इनमें सबसे महत्वपूर्ण विटामिन B7 यानी बायोटिन माना जाता है, जो बालों की सेहत के लिए बेहद जरूरी है। यह बालों की जड़ों को मजबूती देता है और नए बालों की ग्रोथ में मदद करता है। इसकी कमी से बाल पतले होने लगते हैं और झड़ने की समस्या बढ़ सकती है।
बालों पर बायोटिन की कमी का असर
बायोटिन शरीर में केराटिन बनाने में अहम भूमिका निभाता है। केराटिन वही प्रोटीन है जो बालों की संरचना का आधार होता है। जब शरीर में बायोटिन की पर्याप्त मात्रा नहीं होती, तो बाल रूखे, कमजोर और बेजान हो जाते हैं। इसके साथ ही बालों का टूटना और झड़ना बढ़ सकता है।
सही डाइट से कैसे करें कमी पूरी
विशेषज्ञों के अनुसार बायोटिन की कमी को संतुलित आहार से पूरा किया जा सकता है। इसके लिए अंडा, बादाम, अखरोट, फूलगोभी, ब्रोकली और सोया उत्पादों को डाइट में शामिल करना फायदेमंद माना जाता है। जरूरत पड़ने पर डॉक्टर की सलाह से बायोटिन सप्लीमेंट भी लिया जा सकता है।
इसके अलावा विटामिन B12 भी बालों और शरीर के लिए जरूरी माना जाता है।

बायोटिन की कमी के लक्षण
बायोटिन की कमी से बाल झड़ने के साथ-साथ त्वचा संबंधी समस्याएं, डिप्रेशन, आंखों के आसपास रैशेज, हाथ-पैरों में सुन्नपन और इम्यूनिटी कमजोर होना जैसे लक्षण भी दिखाई दे सकते हैं।
कुछ अध्ययनों में यह भी पाया गया है कि बायोटिन लेने से पतले बालों में सुधार देखने को मिला है। हालांकि, किसी भी सप्लीमेंट का सेवन डॉक्टर की सलाह के बिना नहीं करना चाहिए।