दुर्ग के PG में खूनी विवाद, 26 साल के युवक की चाकू मारकर हत्या

दुर्ग। दुर्ग के हरिनगर इलाके में स्थित एक PG में सोमवार की दरमियानी रात विवाद के बाद 26 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना रात करीब 3 बजे की बताई जा रही है। वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही मोहन नगर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।

जानकारी के मुताबिक मृतक चित्रेश सहारे अपने एक दोस्त के PG रूम में महिला मित्र के साथ पहुंचा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। बताया जा रहा है कि महिला मित्र के साथ कथित बदसलूकी को लेकर चित्रेश और वहां मौजूद युवक के बीच बहस हुई, जो देखते ही देखते हाथ-मुक्कों की मारपीट में बदल गई।

विवाद बढ़ने के बाद चाकूबाजी की घटना हो गई। चाकू के वार से चित्रेश के पैर और जांघ में गंभीर चोटें आईं। घायल अवस्था में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

आरोपी पुलिस हिरासत में

घटना की सूचना मिलने के बाद मोहन नगर पुलिस ने वैभव मानकर को हिरासत में लिया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और वारदात के पीछे की पूरी वजह तथा घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

पुलिस यह भी पता लगा रही है कि विवाद की शुरुआत किस बात को लेकर हुई और चाकूबाजी की स्थिति कैसे बनी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *