दुर्ग। दुर्ग जिले के जेवरा सिरसा क्षेत्र के बासिन डैम में नहाने के दौरान डूबे 16 वर्षीय युवक का शव एसडीआरएफ की टीम ने बरामद कर लिया। टीम ने गुरुवार को सघन तलाशी अभियान चलाकर युवक को पानी से बाहर निकाला। इसके बाद शव को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस को सौंप दिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम बासिन निवासी टुकेश साहू (16 वर्ष), पिता कुंभकरण साहू, 15 अक्टूबर को डैम में नहाने गया था। इसी दौरान वह गहरे पानी में डूब गया। घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस और प्रशासन के समन्वय से एसडीआरएफ दुर्ग की टीम को मौके पर भेजा गया।
रेस्क्यू टीम ने मोटर बोट, डीप डाइविंग किट, लाइफ जैकेट और अन्य बचाव उपकरणों की मदद से डैम में तलाश शुरू की। पानी की गहराई और कठिन परिस्थितियों के बावजूद टीम ने खोज अभियान जारी रखा। इसके बाद प्रशिक्षित गोताखोर राजकुमार यादव ने युवक के शव को पानी से बाहर निकाला।
शव मिलने के बाद उसे पंचनामा और अन्य कानूनी प्रक्रिया के लिए स्थानीय पुलिस को सौंप दिया गया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।