भिलाई। श्रावण मास में भगवान भोलेनाथ के भक्तों की सेवा के उद्देश्य से पिछले 15 वर्षों से लगातार कार्य कर रही बोल बम सेवा समिति, भिलाई गेट एक बार फिर नि:शुल्क कांवड़िया सेवा शिविर का आयोजन करने जा रही है। समिति द्वारा इस वर्ष भी ग्राम लोहटनिया (अबरखरवा) में सेवा शिविर लगाया जाएगा, जहां कांवड़ यात्रियों के लिए भोजन, पेयजल सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
सेवा सामग्री से भरा वाहन किया गया रवाना
शिविर की तैयारियों के तहत रविवार को भिलाई से राशन एवं आवश्यक सामग्री से भरे सेवा वाहन को श्रद्धापूर्वक रवाना किया गया। वाहन रवाना करने के दौरान समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने बाबा भोलेनाथ के जयघोष के साथ सेवा कार्य के सफल संचालन की कामना की।
समिति के अध्यक्ष मुकेश पांडे ने बताया कि बोल बम सेवा समिति पिछले 15 वर्षों से श्रावण मास में निरंतर कांवड़ यात्रियों की निस्वार्थ सेवा कर रही है। शिविर में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भोजन, पेयजल, विश्राम तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की जाती है, ताकि उनकी यात्रा सुगम और सुरक्षित बन सके।
समिति के पदाधिकारियों ने संभाली तैयारियों की जिम्मेदारी
कार्यक्रम के दौरान समिति के अध्यक्ष मुकेश पांडे के नेतृत्व में सभी तैयारियों की समीक्षा की गई।
छोटी शुरुआत, आज विशाल सेवा अभियान
समिति के संयोजक विष्णु पाठक ने बताया कि समिति के संरक्षक पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेम प्रकाश पांडे हैं lबोल बम सेवा समिति ने कांवड़ यात्रियों की सेवा का यह अभियान करीब 15 वर्ष पहले छोटे स्तर से शुरू किया था। समाज के लोगों के सहयोग, कार्यकर्ताओं की निष्ठा और बाबा भोलेनाथ की कृपा से यह सेवा कार्य आज एक व्यापक स्वरूप ले चुका है।
उन्होंने बताया कि सेवा शिविर में आने वाले प्रत्येक कांवड़ यात्री के लिए निःशुल्क भोजन, चाय-नाश्ता, शुद्ध पेयजल, प्राथमिक उपचार हेतु दवाइयों सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था समिति द्वारा की जाती है। पार्षद विनोद सिंह ने बताया कि समिति लोगों का एकमात्र उद्देश्य शिवभक्तों की निस्वार्थ सेवा करना है और इसी भावना के साथ लगभग 50 सदस्यीय टीम दिन-रात सेवा कार्य में जुटी रहती है, ताकि कांवड़ यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। समिति का प्रयास है कि प्रत्येक श्रद्धालु की यात्रा सुरक्षित, सुगम और मंगलमय बने।
समिति के सोनू राम सिंह, रंग बहादुर सिंह, श्रीकांत वर्मा, प्रिंस सिंह, रणविजय सिंह, एस. सुंदर, विक्रांत सिंह, राजेश पांडे, संजय सिंह, पुरुषोत्तम सिंह एवं अजीत चौधरी सहित समिति के सभी सदस्य आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।


भोलेनाथ से की मंगलमय यात्रा की प्रार्थना
समिति के सदस्यों ने भगवान भोलेनाथ से प्रार्थना की कि उनकी कृपा से सेवा शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हो तथा सभी कांवड़ यात्रियों की यात्रा सुरक्षित, मंगलमय और पुण्यमयी रहे। समिति ने समाज के लोगों से भी इस सेवा अभियान में सहयोग करने और श्रद्धालुओं की सेवा में सहभागी बनने की अपील की।
श्रावण मास में आयोजित होने वाला यह नि:शुल्क सेवा शिविर क्षेत्र में सामाजिक समर्पण और धार्मिक सेवा का प्रतीक माना जाता है। पिछले डेढ़ दशक से समिति द्वारा निभाई जा रही यह परंपरा हर वर्ष सैकड़ों कांवड़ यात्रियों के लिए सहारा और श्रद्धा का केंद्र बनती जा रही है।