जांजगीर-चांपा | समाज में नशामुक्ति और महिला सशक्तिकरण की एक अनूठी और प्रेरणादायक मिसाल पेश करने वाली जांजगीर-चांपा की एक साहसी बेटी को पुलिस विभाग ने एक बड़ा और विशेष सम्मान दिया है। शादी के मंडप में शराब के नशे में धुत दूल्हे को देखकर बारात वापस लौटाने वाली ग्राम कोसमंदा की इस युवती के जज्बे को सलाम करते हुए पुलिस अधीक्षक (SP) विजय कुमार पाण्डेय ने उसे न केवल सम्मानित किया, बल्कि जिला परिवार परामर्श केंद्र में बतौर ‘महिला काउंसलर’ (सलाहकार) नियुक्त करने की एक बड़ी घोषणा भी की है।

सिंदूर रस्म के समय लिया था बारात लौटाने का साहसिक फैसला
यह पूरा मामला थाना चांपा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम कोसमंदा का है। यहाँ विवाह समारोह के दौरान जब शादी की सबसे महत्वपूर्ण ‘सिंदूर रस्म’ का समय आया, तब दुल्हन (युवती) ने देखा कि दूल्हा शराब के नशे में पूरी तरह धुत है। अपने आत्मसम्मान और भविष्य से समझौता न करते हुए युवती ने तत्काल शादी से इनकार कर दिया और पूरी बारात को बैरंग वापस लौटा दिया। इस साहसिक कदम की पूरे अंचल में जमकर सराहना हो रही है।

पारिवारिक विवादों को सुलझाने में अब समाज को देंगी राह
बेटी के इस अनुकरणीय निर्णय को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) ने उसे विशेष रूप से एसपी कार्यालय आमंत्रित किया। एसपी ने कहा कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने और टूटने की कगार पर पहुंचे परिवारों व वैवाहिक विवादों के समाधान में इस बेटी की सोच बहुत काम आएगी। इसी उद्देश्य से उन्हें परिवार परामर्श केंद्र, जांजगीर का महिला काउंसलर नियुक्त किया गया है, ताकि वे अन्य महिलाओं और परिवारों को सही राह दिखा सकें।
नशे के खिलाफ यह कदम समाज के लिए एक बड़ा संदेश सम्मान समारोह के दौरान पुलिस अधीक्षक ने कहा कि नशे के विरुद्ध इस बेटी का यह साहसिक कदम पूरे समाज के लिए एक महान प्रेरणास्रोत है। यह निर्णय युवाओं और विशेषकर महिलाओं को अपने अधिकारों, आत्मसम्मान और स्वाभिमान के प्रति जागरूक रहने का एक कड़ा संदेश देता है।
पुलिस महकमे के आला अधिकारी रहे मौजूदइस गौरवमयी और भावुक पल के दौरान एसपी कार्यालय में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप, सीएसपी जांजगीर योगिताबाली खापर्डे, डीएसपी सतरूपा तारम, थाना प्रभारी चांपा निरीक्षक अशोक वैष्णव सहित क्षेत्र के कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। जांजगीर-चांपा पुलिस द्वारा दी गई इस अनूठी सौगात से निश्चित रूप से समाज में बेटियों के प्रति सम्मान और नशामुक्त समाज की सोच को एक नई दिशा मिलेगी।