भारत-पाक सीमा पर BSF की कार्रवाई, तरनतारन में घुसपैठ की कोशिश हुई नाकाम

तरनतारन। पंजाब के तरनतारन सेक्टर में भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने घुसपैठ की कोशिश को नाकाम कर दिया। देर रात सीमा पार से भारतीय क्षेत्र में दाखिल होने की कोशिश कर रहे तीन संदिग्धों को जवानों ने देखा। चेतावनी के बावजूद आगे बढ़ने पर BSF ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दो घुसपैठिए मारे गए, जबकि तीसरा अंधेरे का फायदा उठाकर पाकिस्तान की ओर भाग गया।

जानकारी के मुताबिक, घटना तरनतारन सेक्टर के बॉर्डर आउटपोस्ट (BOP) राजोके इलाके में रात करीब 12:30 बजे हुई। गश्त के दौरान जवानों ने पाकिस्तान की ओर चट्टनवाले क्षेत्र से तीन संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियां देखीं। ये लोग कंटीली बाड़ पार कर भारतीय सीमा की तरफ बढ़ रहे थे।

संदिग्ध गतिविधि नजर आने के बाद BSF जवानों ने उन्हें रुकने की चेतावनी दी। अधिकारियों के अनुसार, चेतावनी के बावजूद संदिग्ध आगे बढ़ते रहे। इसके बाद जवानों ने सीमा सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए फायरिंग की। कार्रवाई में दो घुसपैठिए मौके पर मारे गए, जबकि तीसरा वापस पाकिस्तान की सीमा की ओर भाग निकला।

घटना के बाद BSF और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने सीमावर्ती इलाके में सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। सुरक्षा बल यह पता लगाने में जुटे हैं कि घुसपैठिए किस उद्देश्य से भारतीय सीमा में दाखिल होने की कोशिश कर रहे थे और क्या उनके पास कोई हथियार या संदिग्ध सामान था।

सीमा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और जवानों को अलर्ट पर रखा गया है। मामले में आगे की जांच और सर्च ऑपरेशन जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *