तमिलनाडु : तमिलनाडु की राजनीति और फिल्म जगत से जुड़े चर्चित अभिनेता व नेता सी. जोसेफ विजय एक बार फिर कानूनी विवादों के केंद्र में आ गए हैं। अभिनेता से नेता बने विजय के खिलाफ पुराने टैक्स मामले को लेकर अब आर्थिक अपराध और कथित वित्तीय अनियमितताओं की जांच की मांग उठने लगी है। इस संबंध में दायर एक याचिका को मद्रास हाईकोर्ट की रजिस्ट्री द्वारा स्वीकार कर लिया गया है, जिसके बाद मामले में आगे सुनवाई का रास्ता साफ हो गया है।
यह पूरा मामला वर्ष 2015 में रिलीज हुई फिल्म ‘पुली’ से जुड़े भुगतान और टैक्स रिकॉर्ड से संबंधित बताया जा रहा है। उस दौरान आयकर विभाग ने अभिनेता से जुड़े कई परिसरों पर छापेमारी की थी। जांच एजेंसियों का दावा था कि फिल्म निर्माण से जुड़े लेनदेन में बड़ी रकम का भुगतान हुआ था, जिसमें कुछ राशि नकद रूप में दिए जाने की भी बात सामने आई थी।
याचिकाकर्ता ने अदालत से मांग की है कि मामले से जुड़े दस्तावेज प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) को सौंपे जाएं, ताकि मनी लॉन्ड्रिंग और आर्थिक अपराध के पहलुओं की भी जांच हो सके। साथ ही विजय और अन्य संबंधित पक्षों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की गई है।
बताया जा रहा है कि यह याचिका पहले तकनीकी कारणों से लंबित थी, लेकिन बाद में हाईकोर्ट की खंडपीठ के निर्देश पर इसे औपचारिक रूप से दर्ज किया गया। अब अदालत पहले यह तय करेगी कि याचिका सुनवाई योग्य है या नहीं।
फिलहाल सी. जोसेफ विजय या उनकी पार्टी तमिलगा वेट्ट्री कझगम की ओर से इस पूरे विवाद पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि तमिलनाडु की राजनीति में विजय की बढ़ती सक्रियता के बीच यह मामला आने वाले समय में और ज्यादा चर्चा में रह सकता है।