जनगणना 2027: कमिश्नर ने खुद की स्व-गणना, नागरिकों को दिया डिजिटल सहभागिता का संदेश

दुर्ग, 22 अप्रैल। भारत की जनगणना 2027 के अंतर्गत स्व-गणना की प्रक्रिया को गति देने के उद्देश्य से 16 अप्रैल से 30 अप्रैल तक डिजिटल स्व-गणना अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी कड़ी में नगर पालिक निगम दुर्ग के कमिश्नर सुमित अग्रवाल ने अपने चेंबर में मोबाइल के माध्यम से अपने परिवार की स्व-गणना कर नागरिकों को इस राष्ट्रीय अभियान में सक्रिय भागीदारी का संदेश दिया।

कमिश्नर ने बताया कि स्व-गणना की यह डिजिटल व्यवस्था नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शुरू की गई है। आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से नागरिक 16 से 30 अप्रैल तक स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं, जिससे पूरी प्रक्रिया सरल, तेज और पारदर्शी बनती है। उन्होंने कहा कि पोर्टल पर पूछे गए सभी प्रश्न सरल और सहज भाषा में हैं, जिन्हें मोबाइल, कंप्यूटर या लैपटॉप के जरिए आसानी से भरा जा सकता है।

स्व-गणना प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद नागरिकों को एक स्व-गणना आईडी प्रदान की जाएगी, जो आगे होने वाले सत्यापन कार्य में सहायक होगी। कमिश्नर सुमित अग्रवाल ने जानकारी दी कि स्व-गणना चरण के बाद 1 मई से 31 मई तक प्रगणक घर-घर जाकर दर्ज जानकारी का सत्यापन करेंगे और जनगणना कार्य को अंतिम रूप दिया जाएगा।

नगर निगम दुर्ग ने दुर्ग के समस्त नागरिकों से अपील की है कि वे इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय दायित्व में बढ़-चढ़कर भाग लें और समय-सीमा के भीतर स्व-गणना प्रक्रिया पूरी कर जनगणना 2027 को सफल बनाने में सहयोग प्रदान करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *