नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने पाकिस्तान स्थित और आईएसआई समर्थित बताए जा रहे शहजाद भट्टी नेटवर्क (SBN) के खिलाफ बड़ा कदम उठाते हुए इसे गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम यानी UAPA के तहत आतंकवादी संगठन घोषित किया है। गृह मंत्रालय की ओर से 16 सितंबर 2026 को यह कार्रवाई की गई।
सरकार के मुताबिक, इस नेटवर्क पर भारत में हथियार, विस्फोटक और मादक पदार्थों की तस्करी, टारगेटेड हिंसा तथा सुरक्षा और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों की रेकी के लिए स्थानीय सहयोगियों का इस्तेमाल करने के आरोप हैं। गृह मंत्रालय के अनुसार नेटवर्क से जुड़े मामलों में IED, ग्रेनेड, पिस्तौल, जिंदा कारतूस और निगरानी के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले CCTV कैमरे भी बरामद किए गए हैं।
14 राज्यों में कार्रवाई, 200 से ज्यादा गिरफ्तारियां
गृह मंत्रालय के अनुसार स्वतंत्रता दिवस से पहले 12 अगस्त को 14 राज्यों में समन्वित अभियान चलाया गया था। इस कार्रवाई में 253 लोगों को हिरासत में लिया गया, जबकि नेटवर्क के खिलाफ 80 से अधिक FIR दर्ज होने और 200 से ज्यादा गिरफ्तारियों की जानकारी दी गई।
जांच एजेंसियों के मुताबिक, नेटवर्क सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए युवाओं से संपर्क करता था। अधिकारियों के अनुसार कुछ युवाओं को पैसों का लालच देकर पहले रेकी और अन्य छोटे कामों में लगाया जाता था और बाद में उन्हें हिंसक गतिविधियों में शामिल करने की कोशिश की जाती थी।
शहजाद भट्टी नेटवर्क से जुड़े मामलों में अलग-अलग राज्यों में UAPA समेत अन्य कानूनों के तहत जांच और कार्रवाई जारी है। NIA ने भी शहजाद भट्टी को पंजाब में यूट्यूबर रोजर संधू के घर हुए ग्रेनेड हमले के मामले में आरोपी बनाया है।
केंद्र सरकार का यह कदम नेटवर्क पर पहले से चल रही बहु-राज्यीय कार्रवाई के बाद सामने आया है। अब UAPA के तहत प्रतिबंध के बाद नेटवर्क से जुड़ी गतिविधियों पर कानूनी कार्रवाई का दायरा और बढ़ सकता है।