नई दिल्ली : नई दिल्ली में भाजपा मुख्यालय से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को पश्चिम बंगाल, असम सहित देश के चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में मिले जनादेश पर पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि आज देश के 20 से अधिक राज्यों में भाजपा-एनडीए की सरकारें हैं और यह जनता के भरोसे का परिणाम है।
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि “नागरिक देवो भवः” के मंत्र के साथ भाजपा सरकारें लगातार जनता की सेवा में जुटी हैं, और इसी कारण लोगों का विश्वास पार्टी के प्रति और मजबूत हुआ है। उन्होंने कहा कि जहां भाजपा की सरकार है, वहां सुशासन और विकास की गति स्पष्ट रूप से दिखाई देती है।
पश्चिम बंगाल को लेकर प्रधानमंत्री ने कहा कि राज्य की जनता ने एक नए राजनीतिक अध्याय की शुरुआत की है। उन्होंने इसे परिवर्तन का संकेत बताते हुए कहा कि अब विकास और सुरक्षा को प्राथमिकता मिलेगी। उनके अनुसार, यह जनादेश लंबे समय से चले आ रहे सपनों को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
पीएम मोदी ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को भी याद किया और कहा कि उनका योगदान देश की एकता और बंगाल के इतिहास से गहराई से जुड़ा है। उन्होंने कहा कि आज का परिणाम उन विचारों को सशक्त करता है जिनके लिए मुखर्जी ने जीवन समर्पित किया था।
उन्होंने यह भी कहा कि इस अवसर पर वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने के साथ देशभक्ति की भावना और मजबूत हुई है। साथ ही ऋषि बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय और योगिराज श्री अरबिंदो को भी उन्होंने नमन किया।
प्रधानमंत्री ने भरोसा दिलाया कि भाजपा सरकारें महिलाओं की सुरक्षा, युवाओं के रोजगार और विकास को प्राथमिकता देंगी। उन्होंने कहा कि पहली कैबिनेट बैठक में आयुष्मान योजना को लागू करने और अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई जैसे कदम उठाए जाएंगे।
उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं के संघर्ष को याद करते हुए कहा कि पार्टी के समर्पित कार्यकर्ताओं ने कठिन परिस्थितियों में भी संगठन को मजबूत किया है। अंत में उन्होंने यह जीत जनता और कार्यकर्ताओं को समर्पित करते हुए कहा कि यह जनादेश विकास और विश्वास की नई शुरुआत है।