रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा में विपक्ष द्वारा लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर जवाब देते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि यह प्रस्ताव सरकार के खिलाफ नहीं, बल्कि प्रदेश की तीन करोड़ जनता के जनादेश और विश्वास के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि विधानसभा, लोकसभा और नगरीय निकाय चुनावों में जनता ने विकास, सुशासन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी पर भरोसा जताया है, जिसे सरकार लगातार धरातल पर उतार रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में सरकार ने किसानों, महिलाओं, युवाओं, गरीबों और आदिवासियों के कल्याण के लिए कई महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं। उन्होंने बताया कि किसानों से 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी, दो वर्षों के बकाया बोनस का भुगतान तथा महतारी वंदन योजना के तहत करीब 70 लाख महिलाओं को 18,800 करोड़ रुपये से अधिक की सम्मान राशि प्रदान की गई है। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से गरीब परिवारों को आवास उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
महिलाओं के सशक्तिकरण का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में 10.40 लाख से अधिक महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ बनाया गया है। महिलाओं को संपत्ति खरीदने में रजिस्ट्री शुल्क में 50 प्रतिशत और स्टांप शुल्क में एक प्रतिशत की छूट दी गई है, जबकि स्व-सहायता समूहों को नए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए हैं।
उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र में रिकॉर्ड धान खरीदी, कृषक उन्नति योजना, शून्य प्रतिशत ब्याज पर कृषि ऋण, फसल विविधीकरण और सिंचाई क्षमता बढ़ाने जैसे कदम उठाए गए हैं। जल संसाधन परियोजनाओं को रिकॉर्ड प्रशासनिक स्वीकृतियां देकर सिंचाई सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।
आदिवासी विकास को सरकार की प्राथमिकता बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि तेंदूपत्ता संग्राहकों का पारिश्रमिक बढ़ाया गया है, चरणपादुका योजना फिर से शुरू की गई है और वनाधिकार पट्टाधारकों को राहत दी गई है। धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान और प्रधानमंत्री जनमन योजना के जरिए दूरस्थ जनजातीय क्षेत्रों तक सड़क, बिजली, पेयजल, आवास और स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था मजबूत हुई है और नक्सलवाद के खिलाफ सुरक्षा, विकास और जनविश्वास की रणनीति से उल्लेखनीय सफलता मिली है। रायपुर में पुलिस कमिश्नरेट प्रणाली लागू की गई है तथा साइबर अपराधों से निपटने के लिए नए साइबर थानों की स्थापना की जा रही है।
रोजगार और निवेश के क्षेत्र में मुख्यमंत्री ने बताया कि नई औद्योगिक नीति के तहत 8.23 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिससे लाखों रोजगार के अवसर सृजित होंगे। राज्य में सेमीकंडक्टर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा सेंटर, इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण और वस्त्र उद्योग जैसे क्षेत्रों में तेजी से निवेश बढ़ रहा है।
ऊर्जा क्षेत्र में सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत 76 हजार से अधिक घरों में सौर संयंत्र लगाए जा चुके हैं। वहीं मुख्यमंत्री बिजली बिल समाधान योजना से 12 लाख से अधिक उपभोक्ताओं को राहत मिली है। किसानों के सिंचाई पंपों का बड़े पैमाने पर ऊर्जीकरण किया गया है और राज्य ने प्लांट लोड फैक्टर के मामले में देश में पहला स्थान हासिल किया है।
खनिज क्षेत्र में पारदर्शिता बढ़ाने के लिए खनिज ऑनलाइन 2.0 और डीएमएफ पोर्टल 2.0 लागू किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि 82 हजार से अधिक विकास कार्य पूरे किए जा चुके हैं और अवैध खनन पर सख्त कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने कहा कि डिजिटल अधोसंरचना, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी तेजी से काम हुआ है। दूरस्थ क्षेत्रों में 829 मोबाइल टावर स्थापित किए गए हैं और भारतनेट फेज-3.0 के तहत हजारों ग्राम पंचायतों को हाई-स्पीड इंटरनेट से जोड़ा जा रहा है। आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से अधिकांश परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा उपलब्ध कराई गई है।
प्रशासनिक सुधारों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि सेवा सेतु के माध्यम से 36 विभागों की 528 सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध कराई गई हैं। ई-डिस्ट्रिक्ट, ऑटो म्यूटेशन, स्मार्ट रजिस्ट्री कार्यालय और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के जरिए लोगों को समयबद्ध और पारदर्शी सेवाएं दी जा रही हैं। अब तक 435 प्रशासनिक सुधार लागू किए जा चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और सांस्कृतिक विरासत के संवर्धन पर भी सरकार विशेष ध्यान दे रही है। ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत 7 करोड़ से अधिक पौधे लगाए जा चुके हैं, जबकि रामलला दर्शन योजना के माध्यम से हजारों श्रद्धालु अयोध्या धाम की यात्रा कर चुके हैं।
अपने संबोधन के अंत में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विश्वास जताया कि प्रदेश की जनता का भरोसा सरकार के साथ है और विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को पूरा करने के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रहेगी।