भारत में अवैध तरीके से पहुंच रहा चाइनीज लहसुन? बिहार के बगहा स्टेशन पर मिलीं 12 बोरियां

बगहा (पश्चिमी चंपारण)। बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले के बगहा रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अमृत भारत एक्सप्रेस के जनरल कोच से लहसुन की 12 बोरियां बरामद की हैं। संदिग्ध चाइनीज लहसुन की इस खेप की अनुमानित कीमत करीब 56 हजार रुपये बताई जा रही है। फिलहाल लहसुन के मालिक का पता नहीं चल पाया है। वहीं, इसके संभावित अवैध परिवहन की आशंका को देखते हुए मामले की जांच की जा रही है।

अमृत भारत एक्सप्रेस के जनरल कोच में मिलीं बोरियां

जानकारी के मुताबिक, मंगलवार सुबह करीब 11 बजे नरकटियागंज आरपीएफ पोस्ट कमांडर से सूचना मिलने के बाद बगहा आरपीएफ की टीम ने स्टेशन पर पहुंची 15567 बापूधाम मोतिहारी-आनंद विहार टर्मिनल अमृत भारत एक्सप्रेस की जांच शुरू की। इस दौरान ट्रेन के साधारण कोच में रखी 12 बोरियों पर जवानों की नजर पड़ी।

जांच करने पर बोरियों में लहसुन मिला। इसके बाद आरपीएफ ने आसपास मौजूद यात्रियों से पूछताछ की, लेकिन किसी ने भी बोरियों पर अपना दावा नहीं किया। यात्रियों ने सामान के संबंध में जानकारी होने से भी इनकार कर दिया। इसके बाद आरपीएफ ने लहसुन की खेप बरामद कर आगे की जांच शुरू कर दी।

नेपाल के रास्ते लाए जाने की आशंका

बरामद लहसुन को संदिग्ध चाइनीज लहसुन बताया जा रहा है। आशंका जताई जा रही है कि इसे नेपाल के रास्ते बिहार लाया गया होगा और फिर रेलमार्ग से दूसरे राज्यों में भेजने की कोशिश की जा रही होगी। हालांकि, अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

आरपीएफ इस बात की जांच कर रही है कि लहसुन की बोरियां ट्रेन के जनरल कोच में किसने रखीं, खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था। साथ ही, इस मामले में किसी व्यक्ति या संगठित गिरोह की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।

कस्टम विभाग को सौंपी जाएगी खेप

बगहा आरपीएफ पोस्ट प्रभारी इंद्रजीत सिंह के अनुसार, सूचना मिलने के बाद ट्रेन की जांच की गई थी। इस दौरान जनरल कोच से लहसुन की 12 बोरियां बरामद हुईं। उनकी अनुमानित कीमत करीब 56 हजार रुपये है। उन्होंने बताया कि बरामद लहसुन को आगे की आवश्यक कार्रवाई के लिए बेतिया कस्टम विभाग के हवाले किया जाएगा।

फिलहाल किसी संदिग्ध व्यक्ति या तस्कर की पहचान नहीं हुई है। लहसुन के स्रोत, स्वामित्व और परिवहन के उद्देश्य को लेकर जांच जारी है। कस्टम विभाग की आगे की कार्रवाई के बाद ही इस मामले में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *