गोधनी इलाके में क्लोरीन गैस का रिसाव, जहरीली गैस की चपेट में आए 40 लोग

नागपुर। महाराष्ट्र के नागपुर में क्लोरीन गैस लीक होने से हड़कंप मच गया। गोधनी नगर पंचायत क्षेत्र में पानी साफ करने के प्रोजेक्ट के दौरान क्लोरीन गैस का रिसाव हो गया। गैस के संपर्क में आने से प्रोजेक्ट में काम करने वाले कर्मचारियों समेत आसपास के लोगों को सांस लेने में परेशानी होने लगी। इसके बाद करीब 35 से 40 लोगों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया।

जानकारी के अनुसार, गैस रिसाव की चपेट में प्रोजेक्ट के 8 से 10 कर्मचारी और आसपास के करीब 20 से 25 लोग आए। इनमें से 4 से 5 लोगों की हालत को देखते हुए उन्हें इंटेंसिव केयर यूनिट (ICU) में रखा गया है, जबकि अन्य लोगों का सामान्य वार्ड में इलाज चल रहा है।

12 लोगों को अस्पताल से मिली छुट्टी

प्रशासन के अनुसार, गैस की चपेट में आए लोगों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। इलाज के बाद 12 लोगों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है, जबकि बाकी लोगों का इलाज जारी है।

घटना की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। एहतियात के तौर पर आसपास के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का काम शुरू किया गया।

150 परिवारों को सुरक्षित स्थान पर भेजा गया

गैस रिसाव को देखते हुए प्रशासन ने करीब 125 से 150 परिवारों को उनके घरों से बाहर निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है। इलाके में स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

मौके पर NDRF, नागपुर नगर निगम (NMC), स्वास्थ्य विभाग और पुलिस विभाग की टीमें मौजूद हैं। राहत और बचाव कार्य के साथ गैस रिसाव के स्रोत को नियंत्रित करने तथा प्रभावित क्षेत्र को सुरक्षित बनाने की कार्रवाई की जा रही है।

फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता प्रभावित लोगों को सुरक्षित रखना और गैस के प्रभाव को नियंत्रित करना है। घटना के कारणों की भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *