देहरादून। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) की महिला कयाकिंग टीम ने प्रेसिडेंट कप 2025 में शानदार प्रदर्शन कर राष्ट्रीय गौरव बढ़ाया है। उत्तराखंड के टिहरी डैम में 28 से 30 नवंबर 2025 तक आयोजित इस चैंपियनशिप में भारतीय टीम ने कुल 47 पदक जीतकर अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया। इसमें 18 स्वर्ण, 17 रजत और 12 कांस्य पदक शामिल हैं।
सीआईएसएफ ने जताया सम्मान
सीआईएसएफ ने महिला कयाकिंग टीम के पहले साल में किए गए उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की। केंद्रीय बल की ओर से जारी बयान में कहा गया कि टीम ने अनुशासन, कौशल और दृढ़ निश्चय दिखाते हुए प्रेसिडेंट कप 2025 में बेहतरीन खेल प्रदर्शन किया। यह टीम खेलों में उत्कृष्टता बढ़ाने और सीआईएसएफ के कमिटमेंट को दर्शाने में सफल रही।
अंतरराष्ट्रीय प्रतिस्पर्धा में भारत का दबदबा
इस चैंपियनशिप में दुनिया के 21 देशों ने हिस्सा लिया, जिसमें लगभग 300 एथलीट शामिल थे। महिला वर्ग में एल/एचसी/जीडी ख्वाइराकपम धनमंजुरी और एल/एचसी/जीडी मनस्विनी स्वैन ने के4 (500 मीटर) में स्वर्ण पदक जीता। एल/एचसी/जीडी फैरेम्बन सोनिया देवी ने के4 (200 मीटर) में स्वर्ण जीता। इसके अलावा भारतीय टीम ने के1 (1000 मीटर) और के2 (500 मीटर) में रजत पदक प्राप्त किए।
सर्बिया ने पांच स्वर्ण सहित कुल सात पदक हासिल कर दूसरा स्थान और कजाकिस्तान ने चार स्वर्ण सहित कुल 10 पदक के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया।
मुख्यमंत्री ने किया सम्मानित
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विजेता खिलाड़ियों और टीमों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि टिहरी झील अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर साहसिक खेलों के लिए एक महत्वपूर्ण स्थल बन गई है। भविष्य में यहां एशियाई और कॉमनवेल्थ खेलों की जलक्रीड़ा प्रतियोगिताएं आयोजित की जा सकेंगी।
यह उपलब्धि सीआईएसएफ महिला कयाकिंग टीम के लिए एक शानदार शुरुआत के रूप में देखी जा रही है और भारतीय खेलों के लिए गर्व का विषय बनी है।