नई दिल्ली/चेन्नई। तमिलनाडु सरकार ने महिलाओं और परिवारों को बड़ी राहत देने वाली कई कल्याणकारी योजनाओं का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने सोमवार को विधानसभा में घोषणा की कि राज्य में पात्र परिवारों को हर साल तीन मुफ्त LPG सिलेंडर दिए जाएंगे। इसके साथ ही महिलाओं के लिए चल रही मुफ्त बस यात्रा योजना का दायरा भी बढ़ाया गया है।
मुख्यमंत्री विजय के मुताबिक, ‘अन्नापूरणई सुपर सिक्स’ योजना के तहत 2.5 लाख रुपये से कम वार्षिक आय वाले परिवारों को हर साल तीन मुफ्त LPG सिलेंडर मिलेंगे। योजना की शुरुआत अगले साल जनवरी में पोंगल के अवसर पर की जाएगी। LPG सिलेंडर खरीदने पर होने वाला खर्च सरकार सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में ट्रांसफर करेगी।
सरकार का अनुमान है कि इस योजना से करीब 1.30 करोड़ परिवारों को लाभ मिलेगा। इस पर हर साल लगभग 4,000 करोड़ रुपये खर्च होने की संभावना है।
विधानसभा में मुख्यमंत्री विजय ने कहा कि खाड़ी क्षेत्र में युद्ध जैसी परिस्थितियों और LPG सिलेंडर की बढ़ती कीमतों से आम लोगों पर आर्थिक बोझ बढ़ा है। उन्होंने कहा कि वित्तीय चुनौतियों के बावजूद सरकार जनता से किए गए वादों को पूरा करेगी और LPG खर्च का भार कम करने के लिए यह योजना लागू करेगी।
महिलाओं की मुफ्त बस यात्रा का बढ़ेगा दायरा
विजय सरकार ने महिलाओं की ‘वेट्री पयानम’ मुफ्त बस यात्रा योजना का भी विस्तार करने का फैसला किया है। अब महिलाएं साधारण बसों के साथ-साथ एक्सप्रेस, LSS, डीलक्स और इंटर-डिस्ट्रिक्ट सरकारी बसों में भी मुफ्त यात्रा कर सकेंगी। ट्रांसजेंडर लोगों को भी इस योजना का लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि विस्तारित मुफ्त बस यात्रा योजना 2 अक्टूबर से लागू होगी। उन्होंने कहा कि महिलाओं की यात्रा की स्वतंत्रता उनकी आर्थिक स्वतंत्रता और परिवार की प्रगति की नींव है। यात्रा खर्च के कारण तमिलनाडु की किसी भी महिला को अवसरों से वंचित नहीं होना चाहिए।
सरकार के इन फैसलों से राज्य की बड़ी आबादी को सीधे आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है।