लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को आयोजित ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित समाधान के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान अतिक्रमण से जुड़ी शिकायत पर मुख्यमंत्री ने कड़ा रुख अपनाते हुए दोषियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने के आदेश दिए।
जनता दर्शन में मथुरा से पहुंचे एक वृद्ध ने मुख्यमंत्री को बताया कि गांव के चकरोड पर अतिक्रमण कर लिया गया है। स्थानीय स्तर पर कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संबंधित जिलाधिकारी को स्वयं मौके का निरीक्षण करने और अतिक्रमण पाए जाने पर उसे तत्काल हटाने के निर्देश दिए। साथ ही दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने को कहा।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि प्रदेश में अतिक्रमण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन, पुलिस, नगर निगम, विकास प्राधिकरण और अन्य संबंधित विभागों को नियमित मॉनिटरिंग करने तथा ऐसी शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनता दर्शन कार्यक्रम में शिक्षा, स्वास्थ्य, आर्थिक सहायता, बिजली, पुलिस और राजस्व विभाग से संबंधित अनेक शिकायतें भी सामने आईं। मुख्यमंत्री ने सभी फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार जनता की हर मूलभूत आवश्यकता को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि किसी भी नागरिक को परेशान होने की आवश्यकता नहीं है, सरकार हर परिस्थिति में प्रदेश के 25 करोड़ लोगों के साथ खड़ी है।
भीषण गर्मी के बीच जनता दर्शन में पहुंचे लोगों का हालचाल जानने के बाद मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों से सावधानी बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि अत्यधिक आवश्यकता होने पर ही दोपहर के समय घर से बाहर निकलें तथा स्वास्थ्य का ध्यान रखते हुए संतुलित खानपान अपनाएं।