अंबिकापुर | सरगुजा संभाग में जैव चिकित्सा अपशिष्ट (बायोमेडिकल वेस्ट) के उचित प्रबंधन को सुनिश्चित करने के लिए आज एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। सरगुजा संभाग के आयुक्त, डॉ. नरेंद्र कुमार दुग्गा की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में संभाग के सभी जिलों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। आयुक्त महोदय ने सभी शासकीय और निजी स्वास्थ्य संस्थाओं को बायोमेडिकल वेस्ट प्रबंधन नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए।

मुख्य निर्देश और एजेंडा:-बैठक के दौरान, आयुक्त ने स्पष्ट रूप से निर्देश दिए कि संभाग की समस्त स्वास्थ्य संस्थाएं क्षेत्रीय पर्यावरण कार्यालय से आवश्यक वैध पंजीयन कराना सुनिश्चित करें।इसके अतिरिक्त, सभी स्वास्थ्य संस्थाओं को जैव चिकित्सा अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2016 के तहत निर्धारित दिशानिर्देशों का पालन करने के लिए पाबंद किया गया है। यह भी निर्देशित किया गया है कि सभी अस्पताल और स्वास्थ्य केंद्र कॉमन बायोमेडिकल वेस्ट ट्रीटमेंट फैसिलिटी (CBWTF) से जल्द से जल्द अनुबंध करें।

बैठक में मुख्य रूप से आयुक्त सरगुजा संभाग डॉ. नरेंद्र कुमार दुग्गा के अलावा संभागीय संयुक्त संचालक डॉ. अनिल कुमार शुक्ला, उपायुक्त आर के खूंटे, उपायुक्त शारदा अग्रवाल, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पीएस मार्को, जिला कार्यक्रम प्रबंधक सरगुजा डॉ. पुष्पेंद्र राम, जिला कार्यक्रम प्रबंधक जशपुर राजीव रंजन मिश्रा, क्षेत्रीय पर्यावरण कार्यालय के प्रतिनिधि और बायोमेडिकल वेस्ट डायरेक्टर, डीएम टेक्नो सॉफ्ट के विपिन मलिक सहित संभाग के अन्य जिलों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
आयुक्त ने सभी अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के लिए कहा कि इन नियमों का पालन तत्काल प्रभाव से शुरू हो, ताकि जन स्वास्थ्य और पर्यावरण की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।