खाने को लेकर कमेंट से भड़का विवाद, घर के बाहर बैठी महिला के सिर में लगी गोली

ग्वालियर। जिले के आदर्श नगर क्षेत्र में मंगलवार देर रात पिकनिक के दौरान खाने को लेकर शुरू हुआ विवाद बाद में खूनी संघर्ष में बदल गया। पड़ोसी पक्षों के बीच हुई झड़प के दौरान फायरिंग की गई, जिसमें घर के दरवाजे पर बैठी एक महिला के सिर में गोली लग गई। गंभीर रूप से घायल महिला को तत्काल निजी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है।

पिकनिक के दौरान शुरू हुआ विवाद

पुलिस के अनुसार, कुछ युवक पास की एक झील पर पिकनिक मनाने गए थे। वहां खाना खाने के दौरान एक युवक की तबीयत बिगड़ गई, जिस पर उसके साथियों ने कथित तौर पर टिप्पणी कर दी। उस समय बीच-बचाव के बाद मामला शांत हो गया और सभी लोग अपने-अपने घर लौट गए।

बताया जा रहा है कि घर लौटने के बाद इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच दोबारा कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मामला गाली-गलौज से फायरिंग तक पहुंच गया।

घर के बाहर बैठी महिला को लगी गोली

फायरिंग के दौरान चली एक गोली 28 वर्षीय रेनू भदौरिया के सिर में जा लगी। घटना के वक्त महिला अपने घर के दरवाजे पर बैठी थी। गोली लगते ही वह लहूलुहान होकर गिर पड़ी। इसके बाद परिजनों में अफरा-तफरी मच गई और महिला को तत्काल निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे आईसीयू में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने शुरू की आरोपियों की तलाश

घटना की सूचना मिलते ही गोला का मंदिर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं।

पुलिस ने मामले में हत्या के प्रयास का प्रकरण दर्ज कर लिया है। घटना के बाद फरार आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस विवाद की पूरी वजह और फायरिंग में शामिल लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *